मया बाजार। स्कूल के लिए घर से तीन दिन पहले निकला किशोर अभी तक वापस नहीं लौटा। सारे रिश्तेदारी व संभावित स्थानों पर खोजबीन के बाद पिता ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज कर किशोर की खोजबीन में पुलिस जुट गई है।
मामला महराजगंज थाना क्षेत्र के अमौनी उपाध्याय के पुरवा का है। किशोर के पिता आशाराम ने बताया कि बुधवार को पुत्र सोनू (14) घर से साइकिल लेकर स्कूल के लिए निकला लेकिन शाम तक घर नहीं आया। स्कूल व रिश्तेदारी आदि में काफी तलाश किया गया लेकिन पता नहीं चला।
बताया कि 3 दिन पहले गांव के ही दीपक नाम के युवक से मोबाइल के संबंध में लड़के का विवाद हुआ था। अगले दिन सोनू की साइकिल आगागंज स्थित एक साइकिल की दुकान पर मिली थी।
दुकानदार ने बताया कि सोनू साइकिल खड़ी करके बाद में ले जाने को कहकर चला गया था। थाना प्रभारी महराजगंज श्रीनिवास पांडे ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर किशोर की तलाश की जा रही है।