अयोध्या। जिले के करीब 2096 परिषदी स्कूलों में पढ़ रहे करीब 1.91 लाख नौनिहालों को शीघ्र ही स्वेटर मिलेगा। अब इसके वितरण का रास्ता साफ हो गया है।
मंगलवार को करीब पंद्रह हजार स्वेटर की पहली खेप जिला मुख्यालय पर पहुंच चुकी है। एक-एक दिन के अंतराल पर इसी तरह स्वेटर आपूर्ति किया जाएगा। जिसे तीस नवंबर तक प्रत्येक दशा में वितरित कर दिया जाएगा।
परिषदीय स्कूलों से बच्चों व अभिभावकों को मोहभंग न होने पाए, साथ ही समय से उन्हें ठंडी से बचाया जाए, इसके लिए शासन की ओर से लगातार विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
इस बार भी अक्तूबर माह तक स्वेटर वितरण कराने की रूपरेखा तय की गई थी, लेकिन समय से टेंडर न होने के कारण यह कार्य तय समय तक नहीं हो सका।
विलंब से टेंडरिंग कराने के उपरांत लुधियाना की एक फर्म को कार्य आवंटित किया गया है जिसने कार्य आवंटन के पश्चात शीघ्रता से आपूर्ति कार्य प्रारंभ किया है।
जिला समन्वयक सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को पंद्रह हजार स्वेटर की पहली खेप जिला मुख्यालय पर पहुंची है। जिसका वितरण बुधवार से नगर क्षेत्र के किसी विद्यालय से समारोहपूर्वक कराने की तैयारी की जा रही है।
बताया कि इसी तरह जैसे-जैसे स्वेटर आपूर्ति होता रहेगा, वितरण कराया जाता रहेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एसके देव पांडेय ने बताया कि स्वेटर आपूर्ति प्रारंभ हो चुकी है, इसी माह के अंत तक सभी स्कूलों में वितरित कर दिया जाएगा।