अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में 330 सीटों पर पैरा मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के लिए उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी ने मान्यता दे दी है।
शासन की ओर से सितंबर माह में ही कक्षाएं चलाने की अनुमति मिल चुकी है। अब काउंसलिंग के बाद विद्यार्थियों का आवंटन होने पर प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
सरकार ने राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज गंजा में चिकित्सकों के साथ-साथ बीएससी नर्सिंग व पैरामेडिकल पाठ्यक्रम संचालित करने का निर्णय लिया है।
पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में 11 अलग-अलग विषयों में 30-30 विद्यार्थियों को डिप्लोमा कोर्स कराने के लिए शासन ने एक माह पूर्व अनुमति दी थी। मान्यता के लिए उप्र स्टेट मेडिकल फैकल्टी में आवेदन किया गया था।
वहां से भी 30 सितंबर को कक्षाएं चलाने के लिए मान्यता दे दी गई है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे टेक्नीशियन, आप्टोमेट्री, डायलिसिस टेक्नीशियन, ब्लड ट्रांसफ्यूजन टेक्नीशियन, सीटी स्कैन टेक्नीशियन, एनेस्थीसिया एंड क्रिटिकल केयर, आर्थोपेडिक्स एंड प्लास्टर, आप्थेल्मिक अस्टिेंट व इमरजेंसी एंड ट्रॉमा केयर टेक्नीशियन में 30-30 सीटों पर पाठ्यक्रमों को संचालित करने के लिए उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी से मान्यता मिली है।