प्रयाग व फैजाबाद में जरूरत पड़ने पर दूसरी ट्रेनों में जोड़ने के लिए दो-दो अतिरिक्त कोचें रिजर्व रखी गईं हैं। स्पेशल ट्रेन चलाने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए फैजाबाद व प्रयाग में गार्ड तथा चालक भी रिजर्व किए गए हैं। उधर, कोहरे से दो दिन बंद चल रहीं सभी ट्रेनें सोमवार से ट्रैक पर उतर गयीं।
रेलवे सूत्रों के अनुसार सुबह 08:15 बजे फैजाबाद से प्रयाग के लिए मेला स्पेशल रवाना की गई। प्रयाग से मेला स्पेशल शाम को करीब 16:30 बजे फैजाबाद पहुंची। इसे भीड़ बढ़ने पर फैजाबाद से चलाया जाएगा। फैजाबाद और प्रयाग में भी दो-दो चालक व गार्ड रिजर्व किए गए हैं। इन स्टेशनों पर दो-दो डिब्बे भी रिजर्व हैं। भीड़ बढ़ने पर इन डिब्बों को दूसरी ट्रेनों में लगाया जाएगा। जरूरत पर मेला स्पेशल ट्रेन को तत्काल प्रयाग व फैजाबाद के लिए रवाना किया जाएगा।
उधर कोहरे के नाम पर सप्ताह में दो दिन बंद चल रही इलाहाबाद-मनकापुर सरयू एक्सप्रेस को ट्रैक पर रोज के लिए सोमवार से उतार दिया गया। शनिवार को फैजाबाद में डीआरएम एके लाहोटी नेे स्नान पर दिक्कतों को देखते हुए इसे जल्द चलाने का भरोसा दिया था।
पांच दिन चल रहीं अप/डाउन दून तथा कैफियात एक्सप्रेस को कुछ दिन पहले ही प्रतिदिन किया गया था। रेलवे बोर्ड ने इसी के साथ ट्रैक की सभी पांच दिन चल रही ट्रेनों को तीन मार्च से पहले ही सोमवार से ट्रैक पर उतार दिया। स्टेशन अधीक्षक दिग्विजय कुमार ने भी स्पेशल व बंद ट्रेनों का संचालन शुरू होने की बात कही है।