1992 में पार्टी की स्थापना के बाद भाजपा और कांग्रेस से ही बनते रहे चेयरमैन व मेयर
वर्चस्व रखने वाली भाजपा के सामने साख बचाने की चुनौती
करीबी मुकाबले में हारी सपा इस बार सब कुछ झोंकने को तैयार श्रीनारायण मिश्र अयोध्या। प्रदेेश की सियासत में सपा तीन दशक से मुख्य भूमिका में रही है। प्रदेश में चार बार सरकार चलाई तो मुख्य विपक्षी की भूमिका में भी रही। इसके बावजूद अयोध्या-फैजाबाद नगर निकाय के चुनाव में पार्टी अपना खाता नहीं खोल पाई है। सपा के रणनीतिकार जहां इस मलाल को इस बार मिटाना चाहेंगे, वहीं निकायों पर राज करने वाली भाजपा के सामने साख बचाने की चुनौती होगी।
चार अक्तूबर 1992 को जनता दल से नाता तोड़कर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की नींव रखी थी। उसके बाद से अयोध्या में निकायों के छह कार्यकाल पूरे हो चुके हैं। इस दौरान अयोध्या-फैजाबाद संयुक्त नगर पालिका से अयोध्या और फैजाबाद अलग-अलग नगर पालिकाएं बनीं। फिर सरकार ने दोनों नगर पालिकाओं को मिलाकर नगर निगम का गठन कर दिया, लेकिन शहर के मतदाताओं ने एक बार भी सपा का चेयरमैन या मेयर नहीं चुना।
हालांकि कांग्रेस ने कई बार अयोध्या और फैजाबाद नगर पालिका की सीट पर जीत दर्ज की, लेकिन ज्यादातर समय भाजपा का ही वर्चस्व रहा। नगर निगम के पहले चुनाव में सपा की प्रत्याशी गुलशन बिंदु ने भाजपा प्रत्याशी ऋषिकेश उपाध्याय को तगड़ी टक्कर दी थी, लेकिन वे भी सपा का खाता नहीं खोल पाई थीं। हालांकि इस बार सपा के रणनीतिकार बेहतर अवसर मानकर चल रहे हैं। (संवाद)
इस बार बनाएंगे बेहतर रणनीति
पिछले नगर निगम चुनाव में सपा को शहर की जनता ने खूब प्यार दिया था। बहुत कम वोटों से पार्टी हारी थी, इस बार उसकी भरपाई हो जाएगी। भाजपा की नीतियों से जनता परेशान है। हम बेहतर रणनीति, लोकप्रिय प्रत्याशी और जनसेवा से इस बार सारे मिथक तोड़ देंगे।
-पारसनाथ यादव, जिलाध्यक्ष, सपा
1992 से अब तक अयोध्या-फैजाबाद की चुनावी तस्वीर
चेयरमैन का नाम - पार्टी - निकाय का नाम
गया प्रसाद सिंह - भाजपा - फैजाबाद-अयोध्या नपा
निर्मला सिंह - भाजपा - फैजाबाद नपा
चंद्रकांति सिंह - भाजपा - अयोध्या नपा
विजय गुप्ता - कांग्रेस - फैजाबाद नपा
सरदार महेंद्र सिंह - कांग्रेस - अयोध्या नपा
विष्णु गुप्ता - भाजपा - फैजाबाद नपा
मिथिलेश पांडेय -कांग्रेस -अयोध्या नपा
विजय गुप्ता - भाजपा - फैजाबाद नपा
राधेश्याम गुप्ता -भाजपा -अयोध्या नपा
ऋषिकेश उपाध्याय - भाजपा - अयोध्या नगर निगम