बीकापुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में सत्तासीन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आनंदसेन यादव ने कड़े मुकाबले में राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी मुन्ना सिंह चौहान को 6440 वोटों से हरा दिया।
बाकी बचे भाजपा, एआईएमआईएम, कांग्रेस, पीस पार्टी समेत सभी दसों प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। रिटर्निंग अफसर ने विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र दिया है। जीत के बाद सपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।
राजकीय इंटर कॉलेज में कड़ी सुरक्षा के बीच उपचुनाव में पड़े वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हुई। शुरूआती दौर में ईवीएम खुलने के साथ रालोद प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने बढ़त बनाई लेकिन आधे मतों की गिनती होते-होते वह पिछड़ने लगे।
इसके बाद फिर रालोद प्रत्याशी आगे नहीं निकल पाए। सपा प्रत्याशी आनंदसेन को 68596 वोट मिले तो रालोद प्रत्याशी मुन्ना सिंह को 62456 वोट प्राप्त हुए। उपचुनाव के मैदान में भाजपा सहित अन्य प्रत्याशियों के पांव ठहर नहीं पाए।
तीसरे और चौथे स्थान के लिए भाजपा और एआईएमआईएम के बीच कड़ा संघर्ष रहा। भाजपा प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी को तीसरा स्थान मिला जबकि एआईएमआईएम को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा।
उपचुनाव में वोटों की ध्रुवीकरण कुछ इस तरह से हुआ कि सपा और रालोद प्रत्याशी के अलावा कोई भी अपनी जमानत नहीं बचा पाया। मतगणना को लेकर चुनाव प्रेक्षक के साथ ही डीएम योगेश्वर राम मिश्र, एसएसपी मोहित गुप्ता सहित अन्य अफसर यहां मौजूद रहे।
बगैर पास के किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। रिटर्निंग अफसर व एसडीएम सोहावल अमित कुमार सिंह ने बताया कि उपचुनाव की मतगणना में सपा प्रत्याशी आनंदनसेन को 6440 वोटों से जीत मिली।