अधिगृहीत परिसर में शुक्रवार को रामलला के दर्शन के निकासी मार्ग पर एक लंबा-चौड़ा अजगर निकल आया। अजगर निकलने से परिसर में अफरातफरी मच गई। दर्शनार्थियों को रोककर वन कर्मियों को बुलाया गया और अजगर को पकड़कर श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया।
परिसर सूत्रों के मुताबिक, विवादित परिसर में विराजमान रामलला के दर्शन की दूसरी पाली में दोपहर बाद लगभग 3:30 बजे निकासी मार्ग पर नौ फुट का अजगर आ गया।
अजगर के मार्ग पर आने से दर्शनार्थियों में अफरातफरी मच गई। शोरशराबे पर सुरक्षाकर्मी पहुंचे। उन्होंने निकासी मार्ग पर दर्शनार्थियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
आननफानन में वनकर्मियों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर अजगर को पकड़ लिया तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।