अयोध्या। रुदौली पुलिस ने टप्पेबाजी, चोरी व नशीला पदार्थ खिलाकर सामान उठा ले जाने की वारदातों को अंजाम देने वाले छह बदमाशों को गिरफ्तार कर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है।
इसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपी तमिलनाडु व महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। इनके पास से नकदी समेत चोरी का सामान बरामद हुआ है। आरोपियों ने करीब दो दर्जन वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रुदौली संदीप कुमार सिंह ने रुदौली कोतवाली में मंगलवार को बताया कि तहसील क्षेत्र समेत जिले में हो रही टप्पेबाजी, चोरी व नशीला पदार्थ खिलाकर सामान उठा ले जाने की वारदातों का खुलासा करने के लिए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव सहित स्वॉट व सर्विलांस टीम को लगाया गया था।
टीम को मंगलवार को सूचना मिली कि अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर भेलसर ओवरब्रिज के पास दो पुरुष व चार महिलाएं खड़ी हैं। जिनके पास चोरी के मोबाइल, लेपटॉप आदि सामान है।
इस पर हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे एसआई लल्लन सिंह राठौर, प्रमोद कुमार यादव, रवीश कुमार यादव, रामराज चौधरी ने इन सभी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर चोरी का सारा सामान बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान सरवानन निवासी नवलपट्टू रोड थिरुवरुंबर तमिलनाडु, कुमार, मारियामा, नंदिनी, अनमोल, पुलगम्मा सभी निवासी ग्राम वाकीपाड़ा पोस्ट करंजी खुर्द तालुक थाना नवापुर जनपद नंदुरवार महाराष्ट्र के रूप में हुई।
इनके पास से चार लैपटॉप, 46 मोबाइल, लाखों रुपये के सोने के जेवरात, सात साड़ी, दो लेडीज सूट, दो शर्ट पीस व 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
सीओ ने बताया कि महाराष्ट्र व तमिलनाडु के रहने वाले इन आरोपियों का संगठित गिरोह है। गिरोह की महिला बदमाश महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी।
आरोपियों ने अयोध्या समेत आसपास के जनपदों में करीब 24 वारदातें करना कबूल किया है। बरामद सामान उसी का बताया जा रहा है। बताया कि गिरोह में कुछ अन्य बदमाश भी है, जिनकी तलाश की जा रही है।