अयोध्या। लता मंगेशकर चौराहे के लोकार्पण समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। चौराहे पर 40 फीट ऊंची वीणा स्थापित की जा चुकी है, चौक का लोकार्पण 28 सितंबर को होना है। लोकार्पण समारोह में कई विशिष्ट हस्तियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। विकास प्राधिकरण के एक प्रतिनिधि मंडल ने हाल ही में मुंबई जाकर लता दीदी के परिवार को भी समारोह में आमंत्रित किया है।
लता मंगेशकर के जन्मदिवस 28 सितंबर पर आयोजित होने वाले लोकार्पण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल रूप से जुड़ेंगे, जबकि सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या में चौक का लोकार्पण करेंगे। समारोह में लता मंगेशकर की बहन ऊषा मंगेशकर सहित उनके परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। विकास प्राधिकरण के सचिव एसके सिंह सहित अयोध्या के प्रख्यात साहित्यकार यतींद्र मिश्र ने खुद मुंबई जाकर लता मंगेशकर के परिवार को आमंत्रित किया है।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने बताया कि समारोह में लता मंगेश्कर के परिवारीजन भी पहुंच रहे हैं। समारोह 28 सितंबर को दोपहर 12 बजे शुरू होगा। अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। लता मंगेशकर के जीवन पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी। स्मृति चौक पर लता मंगेशकर के गाए भजन भी गूंजेंगे।