फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिक्षा भवन में शार्ट सर्किट से लगी आग

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। कोतवाली नगर के सिविल लाइन स्थित शिक्षा भवन में सोमवार सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। एक कक्ष में लगी भीषण आग से देवीपाटन मंडल से संबंधित रखी तमाम महत्वपूर्ण फाइलें जलकर खाक हो गईं। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दिन भर शिक्षा भवन में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
विज्ञापन

सोमवार की सुबह करीब दस बजे शिक्षा भवन के भूतल पर स्थित डीडीआर कार्यालय के एक लिपिक आरडी के कक्ष से अचानक धुआं उठने लगा। सुबह पहुंचे अन्य पटलों के लिपिकों ने धुआं देख उक्त कक्ष को खुलवाया तो अंदर से आग की लपटें नजर आईं। आनन-फानन में अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया।
फायर ब्रिगेड के वाहन पहुंचने में विलंब होने से मौके पर मौजूद लिपिक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करके किसी तरह आग बुझाया। साथ ही अंदर में रखी तमाम महत्वपूर्ण फाइलें बाहर निकाली। फिर भी अधिकांश फाइलें जलकर खाक हो गईं। जानकारी होने पर डीआईओएस आरबी सिंह चौहान ने भी पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
विज्ञापन

मौके पर मौजूद संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक मनोज कुमार द्विवेदी ने अपनी निगरानी में शेष बची फाइलों को बाहर ही सुरक्षित रखवाया। साथ ही स्थानीय पुलिस को भी सूचित किया। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बताया कि दीवार में सीलन हो गई थी, शार्ट सर्किट होने से एक कमरे में आग लग गई। बताया कि उक्त कक्ष में देवीपाटन मंडल से संबंधित कार्य लिपिक आरडी की निगरानी में होते थे। जिसमें ज्यदातर फाइलें सेवानिवृत्त शिक्षकों व राजकीय एवं सहायता प्राप्त स्कूलों के तमाम बकायों के भुगतान से संबंधित थीं।
बताया कि विभाग में कोई रिकार्ड रूम न होने से अधिकांश फाइलें संबंधित लिपिकों के कक्ष में ही रखी जाती हैं। तमाम महत्वपूर्ण फाइलें जल गई हैं, इसके लिए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। वहीं, सिविल लाइन चौकी प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं मिली है। जानकारी करके रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें