मवई (अयोध्या)। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के मवई शाखा का चुनाव सोमवार को बीआरसी नेवरा स्थित मैदान में गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ। इस चुनाव में आरिफ खान अध्यक्ष और संजय सिंह मंत्री व प्रह्लाद कोषाध्यक्ष चुने गए।
सोमवार सुबह 10 बजे शुरू हुए चुनाव में 368 मतों के सापेक्ष 299 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में अध्यक्ष पद के लिए पड़े 299 में से 295 मत वैध और 04 मत अवैध पाए गए। इस पद के लिए आरिफ खान को 179 मत मिले, वहीं प्रतिद्वंद्वी आशुतोष को महज 116 मतों से संतोष करना पड़ा।
मंत्री पद के लिए 299 में से 297 वैध मत पाए गए और 2 मत अवैध घोषित हुए, जिनमें संजय सिंह को 239 और शिव शंकर को 58 मत हासिल हुए। कोषाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में प्रहलाद को 149 और रामकुमार कनौजिया को 148 मत प्राप्त हुए। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने बताया कि विजयी तीनों प्रत्याशियों के पैनल एक ही होने के कारण तीनों विजयी पदाधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
चुनाव को सम्पन्न कराने के लिए अनूप मिश्रा जिला संगठन मंत्री को चुनाव पर्यवेक्षक और जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सिंह और ब्लाक मंत्री अमानीगंज उद्धव श्याम तिवारी को चुनाव अधिकारी नामित किया गया था।
आमसभा की बैठक और अधिवेशन न होना बना चर्चा
प्राथमिक शिक्षक संघ शाखा मवई के चुनाव से पहले आम सभा की बैठक और अधिवेशन न होना चर्चा का विषय बना रहा। दरअसल सुबह नामांकन होने के तत्काल बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी गई जबकि नियमत: आम सभा की बैठक और अधिवेशन का आयोजन होना चाहिए। जिसमें अधिकतर मामलों को मिल बैठकर निपटाया जाता है जिससे चुनाव की स्थिति नहीं पैदा होती है। डॉ अनवर हुसैन ने कहा कि नियमत: आम सभा की बैठक और अधिवेशन होना चाहिए था।