शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर समाजवादी शिक्षक सभा ने सात शिक्षकों को मुलायम सिंह यादव शिक्षक सम्मान से नवाजा तो ‘आपस’ (आचार्य विश्वनाथ पाठक शोध संस्थान) की ओर से 10 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
सपा कार्यालय पर आयोजन संस्थापक वन राज्यमंत्री तेजनारायण पांडेय पवन ने सेवानिवृत्त हेडमास्टर विद्यावती यादव, डॉ. हेमलता, डॉ. रामसरदार यादव, मो. हैदर, नागेंद्र कुमार शास्त्री, राजकुमार सिंह तथा खलीक अहमद को ‘मुलायम सिंह यादव शिक्षक सम्मान’ से सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री तेजनारायण पांडेय ने कहा कि उनके नेता मुलायम सिंह खुद शिक्षक रहे तथा शिक्षकों का अतिशय सम्मान करते हैं, इसलिए वह उनके नाम पर आजीवन शिक्षकों का सम्मान करेंगे। सपा शिक्षक सभा के प्रदेश अध्यक्ष डा. हरिद्वार सिंह यादव ने सभी शिक्षकों को सपा से जुड़ने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष दानबहादुर सिंह ने शिक्षकों से 2017 में सपा सरकार लाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. रानी अवस्थी, डॉ. घनश्याम यादव, डॉ. शशिकांत, शेर बहादुर, डॉ. हरिनारायण ओझा आदि मौजूद थे।
आचार्य विश्वनाथ पाठक शोध संस्थान (आपस) की ओर से ‘शिक्षा में नैतिक मूल्य’ विषयक संगोष्ठी में मुख्य अतिथि शिक्षाविद डॉ. दुर्गा प्रसाद ओझा ने कहा कि नैतिकता कहने और प्रवचन की वस्तु नहीं है। शिक्षा में नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए प्रथम पाठशाला परिवार को मजबूत करना होगा।
‘आपस’ के निदेशक डॉ. विंध्यमणि ने बताया कि शिक्षक सम्मान 2016 के लिए चयनित 10 शिक्षकों डॉ. दुर्गा प्रसाद ओझा, डॉ. राकेशचंद्र तिवारी, डॉ. राजेश यादव, डॉ. रामप्रबल मिश्र, डॉ. नरेंद्र पाण्डेय, डॉ. महेंद्र प्रताप वर्मा, डॉ. अंजनी चतुर्वेदी, डॉ. कृष्ण गोपाल, डॉ. अनुपम पांडेय, पवन कुमार सिंह को सम्मानित किया गया।
विषय प्रवर्तन डॉ. ओंकार त्रिपाठी ने किया। अध्यक्षता ग्रामोदय आश्रम पीजी कॉलेज सया के प्राचार्य डॉ. राकेश चंद्र तिवारी ने की। संगोष्ठी को गिरीश चतुर्वेदी, अनुपम पाण्डेय, सत्य नारायन, राजेश मिश्र, रामप्रबल, राजाराम शर्मा आदि ने भी संबोधित किया।