अयोध्या। डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होंगी। इन केंद्रों के कैमरों की निगरानी विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पांच सचल दल गठित किए गए हैं। इनकी ओर से केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
कुलपति प्रो. प्रतिभा गोयल ने शनिवार को विश्वविद्यालय व संबद्ध महाविद्यालयों के केंद्राध्यक्षों के साथ ऑनलाइन बैठक की। कहा कि शासन की मंशा के अनुसार नकलविहीन परीक्षा होनी है। उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए सात जनपदों में 18 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित ले जाने व जमा करने की जिम्मेदारी केंद्राध्यक्षों की होगी। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सातों जनपदों के डीएम व एसएसपी को विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पत्र भेजा गया है।
परीक्षा नियंत्रक उमानाथ ने बताया कि सचल दल के अलावा विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से निगरानी की जाएगी। बैठक में केंद्रों के प्राचार्य, केंद्राध्यक्ष, मीडिया प्रभारी डाॅ. विजयेंदु चतुर्वेदी व प्रोग्रामर रवि मालवीय शामिल रहे।
सात जनपदों में 464 परीक्षा केंद्र बनाए गए
स्नातक स्तर की बीए, बीएससी व बीकाॅम की पहले, तीसरे व पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 दिसंबर से शुरू हैं। 13 फरवरी तक तीन पालियों में चलेंगी। सात जनपदों में 464 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें स्नातक व परास्नातक में 5,55,334 परीक्षार्थी शामिल होंगे।