अयोध्या। राममंदिर निर्माण समिति की गुरुवार से होने जा रही दो दिवसीय बैठक में रामजन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था पर भी मंथन किया जाएगा। बैठक में रामजन्मभूमि परिसर की सुरक्षा को लेकर नया प्लान बनाया जा सकता है।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि राममंदिर निर्माण शुरू होगा तो बड़ी संख्या में मजदूर, सामानों के वाहनों का आवागमन रामजन्मभूमि परिसर में बढ़ेगा। इसको देखते हुए परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से मंथन शुरू कर दिया गया है।
मंदिर निर्माण समिति की बैठक में राम जन्मभूमि परिसर के सुरक्षा सलाहकार पूर्व डीजी केके शर्मा, आईजी डॉ. संजीव गुप्ता, डीआईजी दीपक कुमार के साथ सुरक्षा को लेकर क्या प्लान बनाया जाए इसको लेकर चर्चा की जाएगी। रामलला के अस्थाई मंदिर की सुरक्षा पर खास फोकस है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को करीब चार घंटे तक परिसर का भ्रमण कर राममंदिर निर्माण की तैयारियां देखीं साथ ही टाटा व एलएंडटी के इंजीनियरों के साथ आगे की योजना पर भी चर्चा की। डीआईजी/एसएसपी दीपक कुमार ने भी बुधवार को श्रीरामजन्मभूमि परिसर का निरीक्षण किया।
सूत्रों के अनुसार अब मंदिर निर्माण का काम शुरू हो रहा है, इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव होना स्वाभाविक है। ऐसे में सुरक्षा प्रबंध के लिए नए सिरे से प्लान बनाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अभी तक मंदिर परिसर में बने रेड जोन में केंद्रीय अर्धसैनिक बल की टुकड़ी लगी रहती है। अब इसका दायरा बढ़ाने पर विचार किया जा सकता है।