अयोध्या। राम जन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार केके शर्मा भी सोमवार को पहुंचे। उन्होंने राम जन्मभूमि पथ व राम जन्मभूमि परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा के इंतजामों की जानकारी ली। राम जन्मभूमि पथ पर लगाए जा रहे सुरक्षा उपकरणों की भौतिक प्रगति भी देखी। एक दिन पहले राममंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने राम जन्मभूमि पथ पर सुरक्षा उपकरण लगाने की धीमी गति पर नाराजगी जताई थी। राम जन्मभूमि के सुरक्षा सलाहकार ने भी कार्यदायी संस्था को काम तेज करने का निर्देश दिया है। सोमवार से रात में भी काम शुरू हो गया है। हर हाल में 14 जनवरी तक सभी उपकरण लगाने व यात्री सुविधा केंद्र का संचालन शुरू करने को कहा है। सोमवार से ही सुरक्षा उपकरणों का ट्रायल होना था लेकिन अधूरे काम के चलते ट्रायल स्थगित कर दिया है। अब सारे उपकरण लग जाने के बाद 15 जनवरी से एक साथ ट्रायल शुरू किया जाएगा। सलाहकार ने राममंदिर में भी लग रहे सुरक्षा उपकरणों की भौतिक प्रगति देखी। निरीक्षण के दौरान आईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी राजकरण नैय्यर, एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव समेत अन्य मौजूद रहे।