अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के एक विद्यालय से हाईस्कूल की परीक्षा देकर लौट रही छात्रा को एक युवक ने ब्लेड से मार दिया। घटना के बाद बाइक से बिल्लहर घाट की तरफ भागे युवक को सूचना पर यूपी-112 की पुलिस टीम ने दबोच लिया। पुलिस छात्रा व युवक को लेकर थाने पहुंची। मगर देर रात तक दोनों के परिवारीजनों के समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी।
सोमवार को हाईस्कूल की एक छात्रा क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गई थी। दोपहर में वह परीक्षा देकर लौट रही थी। तभी रास्ते में एक युवक मिला और उसे ब्लेड मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद युवक बाइक से बिल्लहार घाट की तरफ भाग गया। सूचना पर यूपी-112 की पुलिस टीम ने पुरखेपुर गांव के पास उसे पकड़ लिया।
पुलिस दोनों को लेकर थाने पहुंची। सूचना पर दोनों के परिवारीजन भी थाने पहुंचे, जहां दोनों पक्षों में सुलह-समझौता की बात चल रही है। पूराकलंदर थानाध्यक्ष मार्कंडेय सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में समझौता कर रहे हैं। तहरीर मिलेगी तो रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।