नगर के प्राथमिक पाठशाला लालबाग में शौचालय के वॉश बेेसिन की दीवार गिरने अचानक ढहने से रविवार अपराह्न साढ़े तीन बजे खेल रहे छह बच्चे दब गए। इसमें एक बच्चे की मौत हो गई। पांच घायल बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शौचालय के बगल में हाथ धोने व पीने के पानी के नल वाली दीवार का निर्माण एक वर्ष पूर्व ही हुआ था। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही बरतने के आरोप में स्कूल की प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।
लालबाग स्थित प्राथमिक विद्यालय रविवार को छुट्टी होने के कारण बंद था, वरना हालात और विस्फोटक होते। रविवार को लालबाग पानी टंकी के पास रहने वाले लालजी सोनकर का 12 वर्षीय पुत्र सर्वेश सोनकर व उसका भाई 14 वर्षीय दुर्गेश सोनकर और चार अन्य बच्चे विद्यालय परिसर में शाम करीब साढ़े तीन बजे शौचालय के पास नल लगी दीवार के पास खेल रहे थे।
सर्वेश सोनकर शौचालय की छत पर चढ़ा हुआ था, उसका भाई दुर्गेश सोनकर व चार अन्य बच्चे छज्जे के नीचे थे। इस दौरान दीवार अचानक ढह गई। मलबे में छह बच्चे दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुन आस पड़ोस के लोग दौड़े और मलबे के नीचे दबे बच्चों को निकाल जिला अस्पताल ले गए।
चिकित्सकों ने इलाज के दौरान सर्वेश सोनकर को मृत घोषित कर दिया, यह पास के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा 8 का विद्यार्थी था। वहीं दुर्गेश सोनकर (14) पुत्र गोपाल सोनकर, विकास सोनी (15) पुत्र सुभाष सोनी, ऐसु (16) पुत्र बजरंगी, शुभम (16) पुत्र लक्ष्मी विश्वकर्मा, बच्चा (16) पुत्र शंकर लाल गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
सीओ सिटी विक्रांत वीर ने बताया कि एक बच्चे की मौत हो गई है व पांच का इलाज चल रहा है, मामले की जांच की जा रही है। नगर शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कंचन प्रभा को सस्पेंड कर दिया गया है। कहा कि इस दीवार का निर्माण प्रधानाध्यापिका ने ही कराया था। मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है, जो गुणवत्ता की जांच करेगी। कमेटी की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।