फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: पखवारे भर बाद खुले स्कूल, तीस फीसदी रही छात्रसंख्या.

विज्ञापन
मिल्कीपुर मार्ग पर सोमवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घर को जाती छात्राएं। -संवाद - फोटो : FAIZABAD
विज्ञापन
अयोध्या। शीतलहर के कारण पखवारे भर से बंद चल रहे स्कूल सोमवार को खुले तो नौनिहालों की चहलकदमी से परिसर गुलजार हो गया। हालांकि, ठंड के कारण पहले दिन अधिकांश स्कूलों में मुश्किल से तीस फीसदी ही बच्चे पहुंचे। जिन्हें पठन-पाठन के बाद मध्याह्न भोजन करवाकर घर भेजा गया है। शिक्षकों ने अगले दिन बच्चों को भेजने के लिए अभिभावकों से संपर्क भी साधा है।
विज्ञापन

बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले में 1222 प्राथमिक, 269 उच्च प्राथमिक व 301 कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। यहां मौजूदा सत्र में 2.35 लाख विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इन स्कूलों में 31 दिसंबर से ही शीतकालीन अवकाश चल रहा था। एक जनवरी से ही जिले में शीतलहर का प्रकोप तेज होने के कारण शासन की ओर से सभी बोर्ड के समस्त स्कूलों में आठवीं तक के बच्चों की कक्षाएं 14 जनवरी तक संचालित न करने का आदेश दिया गया था।
पखवारे भर बाद सोमवार को स्कूल अपने पूर्व समय पर खोले गए तो नौनिहालों की दस्तक से परिसर में चहल-पहल देखी गई। ठंड अधिक होने के कारण पहले दिन स्कूलों में संख्या कम रही। सरकारी से लेकर निजी स्कूलों तक यही आलम रहा। हालांकि, धूप खिलने पर बच्चे मैदान में खेलकूद भी करते नजर आए।
विज्ञापन

62 में से 38 बच्चे पहुंचे
शिक्षा क्षेत्र बीकापुर के प्राथमिक विद्यालय अहिरौली में 62 में से 38 बच्चे पहुंचे। प्रभारी प्रधानाध्यापक दीपमाला निगम ने बताया कि जो बच्चे आज विद्यालय नहीं आए हैं, उनके अभिभावकों से फोन के माध्यम से संपर्क किया गया। कल से छात्र उपस्थिति बढ़ जाएगी।
मात्र 98 बच्चे ही आए
बीकापुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय जलालपुर में 205 में से 98 बच्चे उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक गौतम तिवारी ने बताया कि प्रथम दिवस होने के कारण आज बच्चे कम आए हैं। अभिभावकों से संपर्क कर लिया गया है, कल से बच्चों की छात्र संख्या ठीक होने की उम्मीद है।
175 में से 63 बच्चे उपस्थित रहे
प्राथमिक विद्यालय खजुरहट में 175 में से 63 बच्चे उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक दिनेश चंद्र तिवारी ने बताया कि अवकाश के बाद प्रथम दिवस मौसम प्रतिकूल और बच्चों के बाहर जाने की वजह से आज उपस्थिति कम रही। अभिभावकों से संपर्क किया गया है, कल से विद्यालय की उपस्थिति बढ़ जाएगी।
अभिभावकों को फोन किया गया
शिक्षा क्षेत्र तारुन के प्राथमिक विद्यालय टिकरी में 72 बच्चे पंजीकृत हैं, इनमें से 32 ही उपस्थित रहे। इंचार्ज प्रधानाचार्य अखिलेश कुमार ने बताया कि सहायक अध्यापक रामजी दूबे व दो शिक्षामित्र उपस्थित थीं। अभिभावकों को फोन किया गया है।
आधे बच्चे ही आए स्कूल
सीबीएसई के अमर पब्लिक स्कूल भीखापुर में भी पहले दिन आधे बच्चे ही पहुंचे। निदेशक आशुतोष पांडेय ने बताया कि विद्यालय में कक्षा आठ तक करीब 308 बच्चे पंजीकृत हैं, इनमें से 153 ही उपस्थित रहे। अभिभावकों से संपर्क किया गया है।
विज्ञापन

वर्जन
-सभी स्कूल खोले गए हैं। पहले दिन होने के कारण उपस्थिति कम रही है, लेकिन शिक्षकों ने अभिभावकों से संपर्क किया है, छात्र उपस्थिति बढ़ेगी।
-संतोष कुमार राय, बीएसए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें