अयोध्या। माध्यमिक विद्यालयीय खेलों के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान मकबरा स्टेडियम के मैदान पर राजकरण इंटर कॉलेज के संयोजन में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज व आदर्श इंटर कॉलेज और अंडर-19 वर्ग में राजकरण इंटर कॉलेज व जेबीए की टीमों ने अपने सेमीफाइनल जीतकर खिताबी दौर में प्रवेश कर लिया है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ खिलाड़ी दुर्गा प्रसाद श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अंडर-14 वर्ग का पहला सेमीफाइनल राजकीय इंटर कॉलेज और भारती इंटर कॉलेज की टीमों के बीच खेला गया जिसमें राजकीय इंटर कॉलेज 3-0 से विजेता रही। आदर्श इंटर कॉलेज व जेबीए की टीमों के बीच खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में आदर्श इंटर कॉलेज की टीम 1-0 से विजेता बनी।
अंडर-19 बालक वर्ग का पहला सेमीफाइनल राजकरण इंटर कॉलेज तथा भारती इंटर कॉलेज बीकापुर की टीमों के बीच खेला गया। जिसमें राजकरण इंटर कॉलेज की टीम ने एकतरफा मुकाबले में भारती इंटर कॉलेज की टीम को शून्य के मुकाबले सात गोलों से पराजित किया। जेबीए और आदर्श इंटर कॉलेज की टीमों के बीच खेला गया। दूसरा सेमीफाइनल संघर्ष पूर्ण रहा। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक-एक गोल से बराबरी पर रही। मैच का निर्णय टाईब्रेकर से हुआ जिसमें जेबीए ने आदर्श इंटर कॉलेज को 3-1 से पराजित करके फाइनल में स्थान बनाया। प्रतियोगिता का फाइनल बृहस्पतिवार को खेला जाएगा।
बालिका वर्ग के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के संयोजन में मकबरा स्टेडियम के मैदान पर लीग आधार पर खेला गया इसका पहला मैच राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और जेबी अकादमी के बीच मैच खेला गया राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जेबीए को 1-0 से पराजित किया। इस अवसर पर विद्यालय क्रीड़ा समिति के सचिव धर्मेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव अभिषेक सिंह, उपस्थित रहे।