अयोध्या। सावन के तीसरे और मलमास के पहले सोमवार के दुर्लभ संयोग में भक्तों की भारी भीड़ रामनगरी में उमड़ी। सरयू घाटों से लेकर शिवालयों व मठ-मंदिरों तक भक्तों का ऐसा रेला उमड़ा कि रामनगरी का कण-कण, बम-बम भोले के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। शिवालयों में मंंगल आरती से शुरू हुआ दर्शन-पूजन व अभिषेक का सिलसिला शयन आरती तक अनवरत चलता रहा। शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।
जिले में रविवार रात से ही कांवड़ियों का जत्था रामनगरी पहुंचने लगा था। प्रतिष्ठित पीठ नागेश्वरनाथ मंदिर में सुबह चार बजे से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। महादेव को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने धूप-अगरबत्ती व दीपक जलाकर दूध, बेलपत्र, धतूरा, सरयू जल अर्पित किया। यहां से भक्तों का रेला क्षीरेश्वरनाथ की ओर निकल पड़ा। हनुमानगढ़ी, कनकभवन व रामलला के दरबार में भी दिनभर जयकारे गूंजते रहे।
इस दौरान रामनगरी में शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई। आनंदित हो शिवभक्तों ने हर-हर महादेव व जय श्रीराम का जयघोष किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम का भी जयकारा लगाया।हेलीकॉप्टर ने राम कथा पार्क से उड़ान भरी। मंडलायुक्त गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम नीतीश कुमार और एसएसपी राजकरन नैय्यर इस पर सवार हुए। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा देख शिवभक्त भाव-विभोर हो गए।