अयोध्या। सरयू नदी को प्रदूषण मुक्त करने की कवायद तेज हो गई है। सरयू में गिरने वाले अयोध्या शहर के पांच नालों की निर्माणाधीन टेपिंग योजना के साथ-साथ अब फैजाबाद शहर के 16 नालों के भी टेपिंग की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
इस योजना पर 249 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यही नहीं अयोध्या के बाद फैजाबाद शहर के लिए शासन से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाने की स्वीकृति मिल गई है।
शासन ने एसटीपी के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, जिस पर काम भी शुरू हो गया है। एसटीपी प्लांट के लिए जमीन की तलाश की जा रही है।
सरयू में गिर रहे सभी छोटे-बड़े नालों को बंद कर सरयू को प्रदूषण मुक्त बनाने की कार्ययोजना तैयार हो चुकी है। अभी जहां रामनगरी में सरयू में गिर रहे पांच नालों को टेप करने का काम प्रगति पर है।
इसके लिए राजघाट पर पंपिंग स्टेशन का निर्माण पूर्णता की ओर है। अब फैजाबाद शहर के 16 नाले जो किसी भी प्रकार से सरयू की पवित्रता को प्रभावित कर रहे हैं उन्हें भी टेप करने की कार्ययोजना तैयार हो चुकी है। यह योजना करीब 249 करोड़ रुपये की है।
शहर के निर्मलीकुंड, खुर्दाबाद, वजीरगंज व पठानटोलिया को मिलाकर कुल 16 नालें हैं जिनका पानी नदी में सीधे गिरता है। अब इन नालों को भी टेप किया जाएगा।
इसके लिए 90 करोड़ से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की भी स्थापना की जाएगी। शासन ने इस योजना को स्वीकृति भी दे दी है। एसटीपी के लिए शहर में जमीन भी तलाश की जा रही है।
सरयू में गिर रहे सभी नालों को सीवर लाइन के जरिए एसटीपी में पहुंचाया जाएगा। एसटीपी में गंदा पानी एकत्र होने के बाद इसे फिल्टर कर सरयू की जलधारा में प्रवाहित कर दिया जाएगा इसे नदी के प्रदूषित होने का खतरा समाप्त हो जाएगा और सरयू की गरिमा बनी रहेगी।
नई सीवर लाइन बिछेगी, नाला जाम व गंदगी से शहरवासियों को मिलेगी मुक्ति
अयोध्या शहर में सीवर लाइन बिछाने का काम जहां तेजी से चल रहा है, अधिकांश क्षेत्रों में सीवर लाइन का काम पूरा होने को है।
रामनगरी के छूटे इलाकों व नई विकसित कॉलोनियों में भी सीवर लाइन एवं पाइप लाइन का काम तेजी से चल रह है। वहीं, अब फैजाबाद शहर में भी सीवर लाइन बिछाने की योजना तैयार हो रही है।
सीवर लाइन बिछने के बाद शहरवासियों को नाला जाम व गंदगी जैसी समस्याओं से मुक्ति मिलेगी। बताया गया कि शहर में करीब 215 किमी सीवर लाइन के साथ सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की योजना भी तैयार की जा रही है। नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित सीवर लाइन व एसटीपी की आगणित राशि भी करीब 250 करोड़ के लगभग है, अब इसका आगणन तैयार किया जा रहा है।