अयोध्या। वैशाख शुक्ल पूर्णिमा पर राम नगरी का सरयू तट आरती की लौ से रोशन हो उठा। विभिन्न समितियों द्वारा पूर्णिमा के पावन अवसर पर माँ सरयू की भव्य झांकी सजाई गई।
कोरोना प्रोटोकॉल के बीच आंजनेय सेवा संस्थान के तत्वाधान में शाम 7 बजे माँ सरयू की 1051 बत्ती की महाआरती उतारी गई। वैशाख शुक्ल पूर्णिमा पर बुद्ध पूर्णिमा का भी दुर्लभ संयोग होने से उत्सव का उल्लास दोगुना रहा।
हालांकि इस दौरान भक्तों से भरा रहने वाला सरयू तट सूना नजर आया। संस्थान के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास ने बताया कि नित्य 251 बत्ती की आरती होती थी, पूर्णिमा पर 1051 बत्ती की आरती हुई।
वहीं दिव्य मां सरजू आरती सेवा संस्थान के तत्वाधान में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर मां सरयू की भव्य झांकी सजा कर पूजन-अर्चन किया गया।
संस्थान के अध्यक्ष महंत रामदास ने बताया कि इस अवसर पर 1051 बत्ती की महाआरती का भी आयोजन कोरोना प्रोटोकॉल के बीच किया गया। इस दौरान महंत भानुदास, पप्पू पांडेय, कल्लू पांडेय, माता प्रसाद पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।