फैजाबाद ः पूराबाजार में सरयू में जलस्तर बढ़ने के बाद जारी है कटान।
- फोटो : अमर उजाला
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश से दोबारा उफनाई सरयू के जलस्तर में सप्ताह भर से उतार-चढाव हो रहा है। गुरुवार को जलस्तर स्थिर हो गया। जलस्तर के घटने व बढ़ने से कछार क्षेत्रों में कटान तेज हो गई है। नदी अभी भी लाल निशान से 31 सेंटीमीटर से ऊपर बह रही है। बाढ़ के पानी से घिरे कछार के ग्रामीणों में हो रही कटान व बाढ़ से बेचैनी बरकरार है।
सरयू में आई बाढ़ का असर ग्रामीण इलाकों से शहर तक है। शहरी क्षेत्र के गुप्तार घाट, निर्मली कुंड मार्ग तक बाढ़ का पानी पहुंच गया। क्षेत्र के नदी से सटी भूमि पर कटान तेजी से हो रही है। नदी गुप्तार घाट की सीढ़ियों व बुर्ज को छूते हुए बह रही है।
सदर तहसील के पूरा व मया ब्लॉक के मूड़ाडीहा, पूरेचेतन, पिपरी संग्राम, सलेमपुर, शिवलाल का पुरवा, साधू का पुरवा, बाबा का पुरवा, धनी का पुरवा, बलुइया, मड़ना, उरदहवा, रामपुरपुआरी माझा, काजीपुर माझा गांव के तटीय इलाके बाढ़ के पानी से घिरे हैं।
गांवों में लोगों ने गृहस्थी को सहेज सुरक्षित स्थानों पर ठौर बना लिया है लेकिन जलस्तर में उतार-चढ़ाव से बेचैनी बरकरार है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक गुरुवार को दोपहर एक बजे नदी का जलस्तर 93.045 मीटर पर पहुंच कर स्थिर हो गया है। शुक्रवार को जलस्तर 92.900 मीटर पर पहुंचने की संभावना है।