पूरा बाजार। केरल में अनानास में बम छिपाकर हाथी को खिलाने से हुई उसकी मौत की घटना का आक्रोश अभी थमा भी नहीं था कि रामनगरी में भी बेजुबानों के प्रति फिर ऐसी ही अमानवीय घटना सामने आई है।
जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के दतौली गांव में खेतों में छिपाकर रखे गए बम को खाने से एक सांड़ का पूरा जबड़ा उड़ गया। इस घटना में वह बुरी तरह घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पशु चिकित्सक ने सांड़ का प्राथमिक उपचार किया लेकिन जलन व घाव के कारण वह तड़प रहा है। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के कुछ अराजकतत्वों ने जंगली जानवर मारने के लिए खेतों के आसपास बम बिछा रखे हैं। इसी दौरान चरते समय सांड़ के मुंह में बम दब जाने से फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि उसका जबड़ा उड़ गया। वह खून से लथपथ होकर इधर-उधर भागने लगा। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे काबू में कर पशु चिकित्सक को बुलाया और इलाज कराया।
गांव निवासी दिलीप सिंह ने बताया कि हम ग्रामीणों ने इस सांड को पाल रखा है, जिससे गांव में की गर्भाधान की क्रिया हो जाती थी। इसकी लिखित सूचना पुलिस चौकी पूरा बाजार को दी गई है। थानाध्यक्ष महाराजगंज जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सांड के घायल होने की सूचना मिलते ही पशु चिकित्सक बुलाकर ग्रामीणों के सहयोग से उसका इलाज कराया गया। कहा कि अराजक तत्वों के खोज में पुलिस टीम लगी है। शीघ्र ही बम बनाने वाले पुलिस के हाथ आ जाएंगे। उधर, बेजुबान के साथ हुए इस कृत्य की सभी निंदा कर रहे हैं। साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी गई है।