नगर कोतवाली में दुर्गा पूजा व दशहरा आदि पर्वों के मद्देनजर शांति कमेटी की बैठक में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत पर कप्तान ने साहबगंज चौकी प्रभारी समेत पुलिस कर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी मोहित गुप्त ने शिकायत को गंभीर मानते हुए चौकी प्रभारी को निलंबित करते हुए चौकी के सभी छह सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
प्रभारी जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, एसएसपी मोहित गुप्त, एडीएम सिटी विनोद कुमार, एसपी सिटी संकल्प शर्मा, सीओ अजय उपाध्याय कोतवाली में संगठनों व नागरिकों के साथ शांति कमेटी की बैठक कर रहे थे।
बैठक में पर्व व त्योहार के मद्देनजर शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुझाव व हिदायतें दी जा रही थीं। इस बीच अमानीगंज क्षेत्र की सभासद पूनम यादव ने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम होने की शिकायत की। कहा कि क्षेत्र में शराब की बिक्री से अराजक स्थिति बनी रहती है।
महिलाओं व लड़कियों से छेड़खानी जैसी वारदात आए दिन होती है। साहबगंज पुलिस शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं करती। सभासद की शिकायत को एसएसपी ने बेहद गंभीर माना।
तत्काल चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह को निलंबित करते हुए चौकी के सभी सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी मोहित गुप्त ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री को लेकर कार्रवाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल्द ही नए चौकी प्रभारी समेत सिपाहियों की तैनाती कर दी जाएगी।