अमानीगंज (अयोध्या)। ब्लॉक क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना से जुड़े कार्यों में ठेकेदार फर्म के स्तर पर जमकर मनमानी बरती जा रही है। घटिया सामग्री से हो रहे निर्माण कार्य के कारण अमरगंज से नागीपुर तक एक माह पूर्व बनी 10 किलोमीटर लंबी सड़क जगह-जगह धंस गई है। कार्यदायी संस्था अब अपनी खामी छिपाने के लिए नवनिर्मित सड़क को खोदकर आरसीसी गिट्टी व सीमेंट के मसाले से भर रही है।
इसके साथ ही संतनगर चौराहे से भवनगर मोड़ तक बनने वाली आठ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य भी बंद पड़ा है। यह अधूरी बनी सड़क भी जगह-जगह धंस गई है। इससे साफ है कि निर्माण कार्य के दौरान घटिया गुणवत्ता की सामग्री के साथ ही तय मानकों की भी अनदेखी की गई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क का निर्माण का कार्य देख रहे जेई बीडी पाल ने बताया कि पहले निर्माण में पीसी के बाद सील कोट किया जाता था। इससे सड़क के अंदर पानी नहीं जाता था, लेकिन नियम में हुए बदलाव के कारण अब पी वन और पी टू किया जाता है। इस कारण ही बरसात के महीने में सड़कों पर सीपेज होने से वह फूलकर धंस रही है।