अयोध्या। राममंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने की खुशी में 84 कोसी परिक्रमा के पड़ाव स्थलों पर अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। यह अनुष्ठान गर्भगृह में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद होंगे। यह निर्णय रविवार को कारसेवकपुरम में हुई 84 कोसी परिक्रमा समिति की बैठक में लिया गया।
परिक्रमा के प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि परिक्रमा 6 से शुरू होकर 28 अप्रैल तक चलेगी। 21 दिवसीय परिक्रमा में करीब तीन सौ साधु-संत शामिल होंगे। परिक्रमार्थियों के भोजन, जलपान, विश्राम आदि की समुचित व्यवस्था को लेकर तैयारी बैठक की गई है।
बैठक में कटरा कुटी के महंत चिनमय दास ने कहा कि अयोध्या के 84 कोस में स्थापित धार्मिक व सांस्कृतिक केंद्रों के विकास और उत्थान से पर्यटन व रोजगार बढ़ेगा। जो लोग प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में नहीं पहुंच सकेंगे वे इन आयोजनों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर पाएंगें। बैठक में विहिप के प्रांतीय नेता राकेश वर्मा, शरद शर्मा, जितेंद्र, नलनेश सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद