अयोध्या। काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने शुक्रवार को 10वीं (आईसीएसई) व 12वीं (आईएससी) बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। 10वीं में 90.2 प्रतिशत अंक पाकर कुशाग्र शुक्ला ने जिले में टॉप किया है।
वहीं 12वीं में 92 फीसदी अंक पाकर तान्या मिश्रा अव्वल रहीं। जिले में सीआईएससीई का एचसीजे कॉलेज ही है। कॉलेज के हाईस्कूल का परिणाम शत-प्रतिशत व इंटर का 98 फीसदी रहा है। परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों में खुशी का माहौल रहा।
दोपहर तीन बजे परिणाम घोषित हुआ। कॉलेज प्रशासन ने बच्चों को परिसर में बुला रखा था, वहीं परिणाम बताया गया। यहां हाईस्कूल में इस बार कुल 56 बच्चों ने परीक्षा दी थी। जिसमें सभी उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में कुशाग्र शुक्ला को सर्वाधिक 90.2 प्रतिशत अंक मिला। 90 प्रतिशत अंकों के साथ अभिषेक मिश्रा दूसरे व 89.8 फीसदी अंक हासिल कर अमन पटेल व रिषभ पटेल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
इंटर में इस बार 51 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 49 ने परीक्षा दी थी। इनमें से 48 उत्तीर्ण हुए। 92 प्रतिशत अंकों के साथ तान्या मिश्रा टॉपर रहीं। 91.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रियांशु वर्मा दूसरे व 90 प्रतिशत अंकों के साथ पल्लवी शर्मा तीसरे स्थान पर रहे। विद्यालय प्रबंधक सीपी जैन एवं निदेशिका शिक्षा जैन ने बच्चों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या इंदू ओझा ने कहा कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति हमेशा रुचि रहनी चाहिए जिससे सफलता में कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।