अयोध्या। रिपब्लिक ऑफ कोरिया के किम हे प्रोविंस ने अयोध्या से संबंधों को और प्रगाढ़ करते हुए कोरोना संक्रमण के दौरान जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में हाथ बढ़ाया है। अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत को दूर करने के लिए 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर जिले में भेजे हैं। जिन्हें दिल्ली हवाई अड्डे से प्राप्त कर शुक्रवार को लाया गया।
कंसंट्रेटर प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कोरिया गणराज्य के प्रति आभार जताया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि लगभग सभी सीएचसी में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर लगाए जा रहे हैं। कोरिया गणराज्य से सहयोग स्वरूप जो कंसंट्रेटर प्राप्त हुए हैं, उसे सीएचसी मिल्कीपुर व हैरिंग्टनगंज में स्थापित किया जाएगा।