निषादराज जयंती समारोह में राज्यमंत्री ने कहा- रामनगरी में विकास के साथ बन रहे रोजगार के अवसर
अयोध्या। रामनगरी पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगी। यहां राममंदिर निर्माण से रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं। आज भगवान श्रीराम के मित्र निषादराज की जयंती मनाई जा रही है। भाजपा सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास के मंत्र पर काम करती है। निषाद के अधिकारों उनके उत्थान के लिए भाजपा सरकार काम कर रही है। ये बातें बुधवार को राज्यमंत्री जलशक्ति रामकेश निषाद ने निषाद राज जयंती समारोह में कहीं।निषाद भवन में आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मंत्री रामकेश निषाद ने कहा कि पहले की सरकारों ने कभी भी निषाद समाज की चिंता नहीं की, केवल उनका उत्पीड़न किया। भाजपा अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की हमारी तैयारी पूरी है। भाजपा पूरे उत्तर प्रदेश में परचम लहराएगी। इससे पूर्व मुख्य अतिथि राज्यमंत्री व विशिष्ट अतिथि रामलौटन निषाद को 51 किलो की माला पहना कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम समिति से जुड़े संतोष निषाद ने बताया कि इससे पहले समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। कार्यक्रम में 11 जोड़ों की सामूहिक शादियां भी कराईं गईं। इस दौरान जिला अध्यक्ष संतोष निषाद, श्यामलाल निषाद, मोती राम निषाद सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
इनसेट
राममंदिर निर्माण कार्य भी देखा
निषाद राज जयंती समारोह में शामिल होने से पहले राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने हनुमंतलला व श्रीरामलला के दरबार में हाजिरी लगाई। निवर्तमान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय के साथ उन्होंने राममंदिर निर्माण की प्रगति देखी और रामलला का दर्शन-पूजन किया। कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों ने उन्हें मंदिर निर्माण की जानकारी दी।
बाढ़ से पहले बनाई जाए बचाव की कार्ययोजना : राज्य मंत्री
सर्किट हाउस मेंं अफसरों के साथ की समीक्षा बैठक
अयोध्या। प्रदेश के जलशक्ति राज्यमंत्री राम केश निषाद ने कहा कि बाढ़ आने से पहले बचाव की कार्ययोजना बनाई जाए। समय से इसका क्रियान्वयन कराया जाए। बाढ़ से कोई जन-धन की हानि न हो। इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वह सर्किट हाउस में बुधवार को अफसरों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।
उन्होंने जिले और मंडल में चल रही परियोजनाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। निर्देश दिया कि चल रही परियोजनाओं पर काम समय से पूरा कराया जाए। नहरों की सिल्ट सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाए। गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। नलकूपों का संचालन ढंग से किया जाए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता गुण नियंत्रण मंडल संदीप कुमार खरे, अधीक्षण अभियंता एकादशम मंडल सिंचाई कार्य संतोष कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड अयोध्या जय सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड रजनीश गौतम आदि मौजूद थे।
लोगों की भावनाओं को भड़काने वालों को बहिस्कृत करेगा समाज
अयोध्या पहुंचे जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर कहा कि जिनको रामचरितमानस जैसे अपने हिंदू धर्म के ग्रंथों की जानकारी न हो ऐसे लोगों पर टिप्पणी करना ही बेकार है। क्योंकि यह लोग जातिवाद की राजनीति करते हैं। समाज में लोगों की भावनाओं को भड़काने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को समाज बहिष्कृत करेगा। निश्चित रूप से उनका बयान निंदनीय है।