अयोध्या-नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते श्रद्धालुगण।-संवाद
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। रामनगरी शिवभक्ति में लीन हो चुकी है। शहर के चौक-चौराहों से लेकर मठ-मंदिरों में हर-हर, बम-बम, ऊं नम: शिवाय की गूंज...सुनाई देने लगी है। सावन के पहले दिन ही रामनगरी में शिवभक्तों का रेला उमड़ा।
चौक-चौराहों पर कांवरियों का समूह भी नजर आने लगा। उमड़े शिव भक्तों ने शहर के प्राचीन शिवमंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्ध अभिषेक कर पूजन किया।
सावन माह का शुभारंभ होते ही रामनगरी शिवभक्ति में लीन हो चुकी है। पूरे एक माह रामनगरी में भगवान भोलेनाथ की शिद्दत से पूजा-अर्चना की जाएगी।
इस मास में बड़ी संख्या में कांवड़िये अयोध्या में नागेश्वरनाथ, क्षीरेश्वरनाथ, रामलला, कनकभवन, हनुमानगढ़ी सहित शहर के अन्य शिव मंदिरों में दर्शन-पूजन करते हैं।
पड़ोसी जिलों गोंडा, बस्ती, अंबेडकरनगर, टांडा आदि स्थानों से लाखों की संख्या में कांवड़िये व भक्त सावन के प्रत्येक सोमवार पर अयोध्या पहुुंचकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन, अभिषेक आदि करते हैं।
सावन का पहला सोमवार 18 जुलाई को है, इसको लेकर प्रशासन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। सीओ अयोध्या डॉ.राजेश तिवारी ने बताया कि प्रमुख मठ-मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं।