अयोध्या। रामनगरी में तीन गांव की 1450 एकड़ जमीन पर ग्रीन फील्ड टाउनशिप (नव्य अयोध्या) को आकार देने का काम तेज हो गया है। इस योजना में 40 देशों के राज्य भवन सहित मठ, मंदिर और आश्रमों के लिए भी जमीन आरक्षित की जा रही है। इसी क्रम में रामायण धारावाहिक के निर्माता रामानंद सागर के परिवारीजनों ने आध्यात्मिक पार्क के निर्माण के लिए नव्य अयोध्या में जमीन की मांग की है।
अयोध्या में राम मंदिर के साथ आध्यात्मिक पार्क भी बनेगा। रामायण सीरियल बनाने वाले रामानंद सागर के परिवारीजन अयोध्या में यह पार्क बनाना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने आवास विकास परिषद से जमीन की मांग की है। इसके लिए परिवारीजनों ने रामायण सीरियल के कलाकारों के साथ अधिकारियों से मीटिंग भी की है।
साल 2005 में रामानंद सागर की मृत्यु हो चुकी है, मगर उनके परिवारीजन उनकी यादों को श्रीराम जन्मभूमि में आध्यात्मिक पार्क बनाकर जीवंत रखना चाहते हैं। इस पार्क में रामायण धारावाहिक से जुड़ी स्मृतियों को संजोया जाएगा। जो न सिर्फ आकर्षण का बल्कि पर्यटन का भी बड़ा केंद्र बन सकता है। परिवारीजनों ने उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद से पार्क बनवाने के लिए जमीन की मांग की है। इसके लिए उन्होंने लखनऊ में अफसरों से मुलाकात कर चर्चा की है।
जानकारी के अनुसार रामानंद सागर के पौत्र शिव सागर ने आवास विकास परिषद के सचिव डॉ. नीरज शुक्ला से मुलाकात की और अयोध्या में आध्यात्मिक पार्क के निर्माण की इच्छा जताई। इसके लिए शिव सागर ने उन्हें बुकलेट भी दी और पार्क के लिए जमीन की मांग की। इस पर सचिव ने उन्हें जल्द ही योजना का डीपीआर तैयार करने के लिए कहा। आवास विकास विभाग अयोध्या के स्थानीय अधिकारियों ने भी इसकी पुष्टि की है।
कई देशों व राज्यों के लिए आरक्षित की जा रही जमीन
नव्य अयोध्या में अब तक देश के करीब 10 राज्यों सहित कई बड़े मन्दिरों के लिए जमीन आरक्षित की जा चुकी है। नेपाल, श्रीलंका, त्रिनिडाड, दक्षिण कोरिया ने भी जमीन मांगी है। इसके अलावा भी देश के कई राज्यों से आवेदन आए हैं। नव्य अयोध्या में होटल, मॉल, स्कूल कॉलेज के लिए भी जमीन आरक्षित की जाएगी।