अयोध्या। राममंदिर के गर्भगृह में सागौन की लकड़ी से बना भव्य दरवाजा शोभा बढ़ा रहा है। वहीं राममंदिर के भूतल की फर्श मकराना के सफेद संगमरमर से सज रही है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से सोमवार को गर्भगृह के दरवाजे व फर्श की तस्वीर जारी की गई है। एक तस्वीर में शुभता के प्रतीक से सज्जित गर्भगृह का दरवाजा आकर्षण बढ़ा रहा है तो दूसरी तस्वीर में कारीगर फर्श पर संगमरमर का पत्थर बिछा रहे हैं।
राममंदिर के भूतल के फर्श का काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं मंदिर के स्तंभों में मूर्तियों के निर्माण का काम भी 80 फीसदी पूरा हो चुका है। गर्भगृह का दरवाजा सागौन की लकड़ी से निर्मित किया गया है। दरवाजे पर अद्भुत नक्काशी की गई है। गज, देवी-देवताओं सहित अन्य शुभता के प्रतीकों को दरवाजे पर बारीकी से उकेरा गया है, जो सुंदरता बढ़ा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ़ अनिल मिश्र ने बताया कि राममंदिर का भूतल तैयार है, अब केवल आतंरित सज्जा का काम चल रहा है।