अयोध्या। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पहले दिसंबर के अंत से जनवरी तक रामनगरी में सांस्कृतिक, आध्यात्मिक वातावरण बनाया जा सके, इसकी पूरी तैयारी है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अपील पर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान अयोध्या के मठ-मंदिरों सहित घर-घर अनुष्ठान व उत्सव की तैयारी हो रही है। इस दौरान कई बड़े धार्मिक आयोजनों की रूपरेखा तैयार की जा रही है जिससे पूरी अयोध्या को राममय बनाया जा सके।
राममंदिर का उद्घाटन मकर संक्रांति 15 जनवरी से 24 जनवरी के बीच किया जाना है। इसी क्रम में जगद्गुरू रामभद्राचार्य के जन्म का अमृत महोत्सव भी इसी दौरान अयोध्या में मनाने की तैयारी हो रही है। रामभद्राचार्य के शिष्यों की ओर से मिली जानकारी के अनुसार अमृत महोत्सव का आयोजन 14 से 22 जनवरी के बीच होगा। अमृत महोत्सव में अलग-अलग दिनों में शामिल होने वाले खास मेहमानों की सूची तैयार की जा रही है।