अयोध्या। सप्तपुरियों में श्रेष्ठ भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या आदिकाल से ही दुनिया का मार्गदर्शन करती रही है। अयोध्या अब एक बार फिर विश्व भर के लिए नजीर बनेगी। रामनगरी 32 हजार करोड़ से दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक हब बनने की ओर तेजी से बढ़ रही है। जल्द ही यहां मंदिरों का एक अनूठा संग्रहालय भी बनने जा रहा है, जिसमें दुनिया भर के प्राचीन मंदिरों की झलक दिखेगी।
सरकार का लक्ष्य अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने का है। अयोध्या को लेकर सरकार की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि खुद पीएम नरेंद्र मोदी की नजर अयोध्या की विकास योजनाओं पर है। मंगलवार को पीएम ने अयोध्या के विकास को लेकर दिल्ली में बैठक की। बैठक में सीएम योगी, नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा, कमिश्नर गौरव दयाल व डीएम नितीश कुमार मौजूद थे। इस बैठक का निचोड़ विकास योजनाओं की गति बढ़ाने पर रहा।
पीएम की बैठक के बाद बुधवार को अयोध्या में हलचल भी दिखी। कमिश्नर ने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की और विकास योजनाओं की गति बढ़ाने का निर्देश दिया है। अगले साल लोकसभा चुनाव भी होना है, ऐसे में इन कोशिशों को सियासत से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल जनवरी में रामलला की प्राणप्रतिष्ठा से पहले एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, पार्किंग, स्मार्ट सड़कों सहित अन्य कई बड़ी योजनाएं पूरी हो जाने की संभावना है।
हर साल आएंगे 10 करोड़ लोग
राममंदिर निर्माण शुरू होते ही अयोध्या में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या चार गुना बढ़ गई है। पिछले साल अयोध्या में चार करोड़ श्रद्धालु आए। अनुमान है कि मंंदिर खुलने के बाद हर साल करीब 10 करोड़ श्रद्धालु आएंगे। 26 बड़े होटलों का निर्माण होने जा रहा है। सरयू में क्रूज चलाने की तैयारी है। यहां के धार्मिक केंद्रों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है।
अयोध्या की बड़ी योजनाओं का विवरण
योजना-लागत-प्रगति-डेडलाइन
एयरपोर्ट-1200 करोड़-80 फीसदी-दिसंबर 2023
देश-दुनिया से अयोध्या की कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। 1150 करोड़ से बन रहे एयरपोर्ट का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। दो फेज में इसे बनाया जा रहा है। रनवे का काम लगभग पूरा हो चुका है। नवंबर से एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। एयरपोर्ट से 15 मिनट में राम मंदिर पहुंचा जा सकता है।
योजना-लागत-प्रगति-डेडलाइन
बस स्टेशन-219 करोड़-100 फीसदी
9 एकड़ में 219 करोड़ से अयोध्याधाम बस स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जो लोग अपने निजी वाहन से अयोध्या आएंगे। उनके लिए जन्मभूमि से एक से डेढ़ किमी. पहले पार्किंग रहेगी। बस स्टेशन से ई-बसों के संचालन की भी योजना है। इस स्टेशन का विस्तारीकरण की भी योजना पर जल्द काम शुरू हो जाएगा।
योजना-लागत-प्रगति-डेडलाइन
रेलवे स्टेशन-230 करोड़-80 फीसदी-मार्च 2023
भक्तों को रेलवे स्टेशन पर उतरते ही रामजन्मभूमि का अहसास होगा। मंदिर मॉडल की तरह रेलवे स्टेशन का भवन भक्तों को आकर्षित करेगा। रेलवे स्टेशन का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसका निर्माण 230 करोड़ की लागत से हो रहा है। यहां एयरपोर्ट की तर्ज पर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। करीब 10 हजार वर्ग मीटर में नई बिल्डिंग बनाई जा रही है। इसमें सवा दो सौ कमरे-डॉरमेट्री, एस्केलेटर, फूड प्लाजा और 24 कोच के 3 प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
योजना-लागत-प्रगति-डेडलाइन
रामपथ-845 करोड़-50 फीसदी- दिसंबर 2023
राममंदिर जाने वाले तीनों रास्तों को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन्हें रामपथ, भक्तिपथ व जन्मभूमिपथ का नाम दिया है। इसमें सबसे बड़े पथ रामपथ की लंबाई 13 किमी है। लगभग 845 करोड़ से बन रहे रामपथ का 50 फीसदी काम पूरा हो चुका है। दिसंबर 2023 तक इसे तैयार करने की योजना है। वहीं श्रीरामजन्मभूमि पथ रामभक्तों के लिए खोल दिया गया है। जन्मभूमि पथ भी दिसंबर तक बन जाएगा। वहीं अयोध्या के मुख्य प्रवेश द्वार साकेत पेट्रोल पंप से पुराना सरयू पुल मार्ग को भी धर्मपथ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
योजना-लागत-प्रगति-डेडलाइन
पार्किंग-39 करोड़-70 फीसदी-दिसंबर 2023
- रामनगरी में छह स्थानों पर पार्किंग का निर्माण हो रहा है। करीब 39 करोड़ करोड़ की लागत से बन रही इन पार्किंगों में से चार का काम लगभग पूरा हो चुका है। दो पर काम चल रहा है। इस योजना में 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। ये पार्किंग टेढ़ीबाजार, कोशलेश कुंज, अमानीगंज आदि स्थानों पर बन रही है। इनमें से टेढ़ीबाजार पर बन रही दो पार्किंग लगभग बनकर तैयार है। कोशलेश कुंज के पास भी पार्किंग का निर्माण 90 फीसदी बन चुका है। इन मल्टीलेवल पार्किंग में दो पहिया व चार पहिया वाहन खड़े होंगे, साथ ही यहां दुकानें भी होंगी।
वर्जन
सारी परियोजनाओं का काम का अपने तय समय के हिसाब से चल रहा है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, पार्किंग का काम दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। प्रधानमंत्री जी को सभी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है। राम पथ के पहले फेज नया घाट से उदया चौराहे तक का कार्य दीपोत्सव से पहले पूरा कर लिया जाएगा। दिसंबर तक पूरा रामपथ बन जाएगा। रामजन्मभूमि पथ पहले ही तैयार हो चुका है।
नितीश कुमार, जिलाधिकारी