अयोध्या। राममंदिर निर्माण शुरू करने की तिथि व प्रस्तावित राममंदिर मॉडल को लेकर रामनगरी के संतों के बीच चल रही उहापोह की स्थिति को दूर करने के लिए राममंदिर ट्रस्ट ने रामनगरी के सभी 15 वार्डों में संतों के साथ बैठक करने का निर्णय लिया है। बैठकों का क्रम 27 जून तक जारी रहेगा।
इसी क्रम में गुरुवार को बड़ा फाटक मंदिर रामघाट में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय की मौजूदगी में बैठक कर संतों के साथ संवाद स्थापित किया गया। बैठक में पूरी तरह से गोपनीय रखी गयी और बैठक के दौरान मीडिया को प्रवेश नहीं करने दिया गया। बताया गया कि बैठक में चंपत राय ने राममंदिर मॉडल को लेकर संतों में छिड़ी बहस को लेकर संवाद किया।
बतातें चलें कि कुछ दिनों पूर्व रामनगरी के कुछ संतों ने दिगंबर अखाड़ा में बैठक कर विहिप के प्रस्तावित राममंदिर मॉडल को खारिज करते हुए अयोध्या में विश्व का सबसे ऊंचा राममंदिर बनाए जाने की मांग बुलंद की थी।
वहीं दूूसरी तरफ राममंदिर निर्माण के लिए दो जुलाई को होने वाले भूमि पूजन को लेकर चल रही अटकलों पर संतों के सामने चंपत राय ने विराम लगा दिया है। बैठक में चंपत राय ने संतों से कहा कि अभी देश की स्थिति ठीक नहीं है, देश कोरोना से पहले ही जूझ रहा है तो वहीं चीन के साथ हुई हिंसक झड़प ने स्थिति और गंभीर कर दी है, देश काल की परिस्थिति को देेखते हुए राममंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।