अयोध्या। राममंदिर निर्माण को लेकर दान देने का सिलसिला लगातार जारी है। देशभर के लोग जहां राममंदिर निर्माण के लिए दान दे रहे हैं तो अयोध्यावासी भी अपना अंशदान देने में पीछे नहीं हैं।
इसी क्रम में रविवार को मुस्कान पुनर्वास केंद्र की निदेशक एवं समाज सेविका डॉ. रानी अवस्थी ने भी श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय पहुंचकर 21 हजार का सहयोग दिया।
इसके अलावा उन्होंने भगवान श्रीरामलला के लिए नवीन वस्त्र भी राममंदिर के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास को भेंट किए। उन्होंने कहा कि प्रभु राम की ही कृपा है कि तीर्थराज प्रयाग में जन्म लेने के बाद अवधुपरी में समाजसेवा का अवसर प्राप्त हुआ।
राममंदिर निर्माण अपनी आंखों से देखने का अवसर मिल रहा है, हम सभी सौभाग्यशाली हैं। अब वह दिन दूर नहीं जब रामलला दिव्य-भव्य मंदिर में विराजेंगें और लाखों भक्तों की सदियों की आकांक्षा पूरी होगी।