अयोध्या। डिप्टी सीएम केशव मौर्या मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से मणिरामदास की छावनी पहुंचकर आशीर्वाद लिया। डिप्टी सीएम ने राममंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट अध्यक्ष को 6 लाख 6 हजार की धनराशि दान स्वरूप भेंट की।
यह धनराशि स्वर्गीय अशोक सिंघल, स्वर्गी ठा. गुरुजन सिंह, केशव मौर्य के पिता स्वर्गीय श्याम लाल मौर्य, माता धनपतिदेवी, केशव प्रसाद मौर्य स्वयं व उनकी पत्नी राजकुमारी मौर्य की ओर से समर्पित की गई है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने केशव प्रसाद मौर्य से रामलला के मंदिर निर्माण हेतु प्राप्त दान भेंट का उल्लेख करते हुए कहा कि रामलला के मंदिर की भव्यता में यह दान सामाजिक समन्वय का मूलाधार है।
घर परिवार का समन्वय ही तो रामराज्य की आधार शिला है। घर-घर से दान स्वरूप समर्पित यह धन मंदिर निर्माण कार्य को गतिशील करेगा। केशव का संपूर्ण जीवन श्रीराम काज के लिए हुआ है। संगठन कार्यकर्ता और अब उपमुख्यमंत्री का दायित्व भी रामकाज को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहा। महंत कमलनयन दास उपमुख्यमंत्री की धर्म पत्नी राजकुमारी मौर्य, शरद शर्मा, संत आनंद शास्त्री आदि उपस्थित रहे।
कारसेवकपुरम में विहिप पदाधिकारियों से की चर्चा
डिप्टी सीएम केशव मौर्या कारसेवकपुरम भी पहुंचे। यहां उन्होंने विहिप के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश चंद्र व पुरुषोत्तम नारायण सिंह से मुलाकात कर उनसे राममंदिर के भूमि पूजन को लेकर विहिप की तैयारियों पर चर्चा की। विहिप संरक्षक ने उन्हें बताया कि विहिप के अन्य पदाधिकारी भी चार अगस्त तक अयोध्या पहुंच जाएंगे। इस दौरान नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, भाजपा नेता अभय सिंह, पार्षद रमेशदास, विहिप के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
रामलला व हनुमानगढ़ी में किया दर्शन-पूजन
डिप्टी सीएम केशव मौर्या ने रामलला व हनुमानगढ़ी के दरबार में भी हाजिरी लगाई। उन्होंने रामलला का पूजन अर्चन करने के बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर हनुमान जी महाराज को 1100 लड्डुओं का भोग अर्पित किया। महंत संतराम दास से भी आशीर्वाद लिया। इस दौरान पार्षद रमेश दास, हनुमानगढ़ी के पुजारी राजूदास आदि मौजूद रहे।