महंत नृत्यगोपाल दास का स्वागत करते महंत दिनेंद्र दास
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र व निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेंद्र दास ने मुलाकात की। मुलाकात में रामलला को नए गर्भगृह में शिफ्ट करने पर चर्चा की गई। माना जा रहा है कि रामलला 24 मार्च को नए गर्भगृह में शिफ्ट कर दिए जाएंगे और नवरात्र के पहले दिन से ही नए स्थान पर रामलला के दर्शन होंगे।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास से ट्रस्ट के सदस्य डॉ.अनिल मिश्र व निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेंद्र दास ने मुलाकात कर राममंदिर निर्माण की तैयारियों पर चर्चा की। राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण को लेकर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भगवान श्री राम लला को नवरात्र के पहले ही दिन दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। रामलला की सुरक्षा को लेकर भी बदलाव किए गए हैं।
अब विराजमान गर्भगृह में लगे सुरक्षाकर्मियों को अस्थाई स्थल पर शिफ्ट होने वाले रामलला की सुरक्षा के लिए लगाया गया है और चबूतरे के चारों तरफ से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। अस्थाई स्थल पर शिफ्ट किए जाने को लेकर चबूतरा का निर्माण कराया जा रहा है जिस पर बुलेट प्रूफ कॉटेज में भगवान श्री रामलला को विराजमान कराया जाएगा।
ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास के मुताबिक नवरात्र के पहले भगवान श्री राम लला को अस्थाई स्थल पर शिफ्ट किए जाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। जल्द ही श्रद्धालुओं के दर्शन मार्ग में बदलाव किया जाएगा। इसके साथ ही पूजन-अर्चन के साथ भगवान श्री राम लला को शिफ्ट कर दिया जाएगा।