अयोध्या। राममंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंम नृत्यगोपाल दास का लक्ष्मण किला में महंत मैथिलीरमण शरण की अध्यक्षता में स्वागत सम्मान किया गया। इस अवसर पर महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि अगले दो से तीन वर्षों में अयोध्या में भव्य, दिव्य व अलौकिक राममंदिर का निर्माण हो जाएगा। राममंदिर निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। शीघ्र होने वाली ट्रस्ट की बैठक में राममंदिर निर्माण की तिथि भी घोषित कर दी जाएगी।
महंत मैथिलीरमण शरण ने कहा कि महाराज श्री अयोध्या के गौरव हैं। राममंदिर ट्रस्ट का उन्हें अध्यक्ष बनाए जाने से रामनगरी का गौरव बढ़ा है, साथ ही यह भी तय हो गया है कि अब शीघ्र ही रामलला कैद से आजाद होकर दिव्य भवन में विराजेंगे।
महंत मिथिलेशनंदिनी शरण ने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि अयोध्या का वैभव है, अध्यक्ष के रूप में महंत जी का सुशोभित होना अयोध्या को वरीयता देना का संदेश है। महाराज श्री के कुशल निर्देशन में ऐसा राममंदिर बनने जा रहा है जो रामनगरी की धार्मिक आभा को शीर्ष पर बुलंद करने का काम करेगा।
इससे पूर्व महंत मैथिलीरमण शरण द्वारा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास क ा भव्य स्वागत सम्मान किया गया। इस दौरान महंत अवध बिहारी दास, महंत अंजनी शरण, महंत छोटू शरण, पार्षद अनुज दास, प्रिया प्रीतम शरण, राघव शरण, स्वामीनाथ सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।