अयोध्या। गतवर्ष की अपेक्षा इस बार बरसात का औसत अच्छा प्रतीत हो रहा है, जो किसान, पर्यावरण सहित हर दृष्टिकोण से बेहतर माना जा रहा है।
किसान धान की फसल लहलहाने से खुश हैं। अभी भी मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक अच्छी बारिश की संभावना बरकरार है।
बरसात का मौसम शुरू होने के बाद से ही बारिश का सिलसिला जारी है। हालांकि, जून माह में औसतन कम बारिश रिकार्ड हुई है, फिर भी गत वर्ष से 12 मिमी अधिक है।
जुलाई माह में मानसून के सक्रिय होने के बाद से लगातार बारिश अमूमन हो रही है। बीते वर्ष जनवरी माह से जुलाई तक 374 मिमी बरसात रिकार्ड की गई थी।
इस बार इसी अवधि में यह आंकड़ा 482 मिमी पहुंच गया है, जो गत वर्ष से 108 मिमी. अधिक है। अभी भी बरसात के लिए दो माह का समय शेष है, जिसमें भी बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे इस बार बेहतर बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।