रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एक पर रुकते समय बुधवार की सुबह डाउन साबरमती एक्सप्रेस बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। ट्रेन रुकने के दौरान कैश आफिस के सामने ट्रैक की उत्तरी पटरी टूटकर अलग हो गई। इससे ट्रैक में करीब दो इंच का गैप हो गया और टूटने के बाद पटरी का पूर्वी हिस्सा नीचे दब गया तो पश्चिमी हिस्सा ऊपर होकर दक्षिण की ओर खिसक गया।
इसे दो कुलियों ने देखा और स्टेशन मास्टर को जानकारी दी तो हड़कंप मच गया। सवा घंटे बाद ट्रेन को आगे बढ़ाकर पटरी की मरम्मत हुई। तब जाकर दिन में 11 बजे से डाउन अजमेर किशनगंज ट्रेन को ट्रैक से गुजारा गया। डीआरएम एके लाहोटी ने ट्रैक फ्रैक्चर की जांच का आदेश दिया है।
अहमदाबाद से वाराणसी जा रही साबरमती (19167) एक्सप्रेस ट्रेन सवा दो घंटे की देरी से सुबह 06:25 बजे प्लेटफार्म एक पर आई। दस किमी गति का कासन व स्टॉपेज होने से ट्रेन रेंग रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म एक के बीचो बीच कैश कार्यालय के सामने इंजन के दबाव से पटरी टूट गई। इसे किसी ने टूटते समय देखा नहीं। इंजन गुजरने के बाद ट्रैक चटकने से खटर-खटर की आवाज होने लगी।
प्लेटफार्म से आगे बढ़कर ट्रेन निर्धारित सीमा में जाकर रुकी, तो सबसे पहले स्टेशन के दो कुलियों जयसिंह और मंशाराम ने टूटा ट्रैक देखा और इसकी सूचना स्टेशन मास्टर कार्यालय में दी। इसके बाद हलचल मच गई।
इंजीनियरिंग विभाग मौके पर पहुंचा और जांच शुरू हो गई। साबरमती ट्रेन खड़ी होने व ट्रैक चटकने के स्थान पर जगह न होने से मशीन लगा पाना और क्लैंप बांधना संभव नहीं था। ऐसे में ट्रैक के नीचे व प्लेटफार्म से सटाकर लकड़ी का गुटखा लगाया गया और घंटेभर की मशक्कत के बाद ट्रेन को डेड स्पीड में जैसे-तैसे आगे बढ़ाया गया, ताकि ट्रेन पटरी से न उतरे।
यहां से सुबह 7:40 बजे ट्रेन वाराणसी रवाना हुई। इसके बाद इंजीनियरिंग विभाग ट्रैक कैंपिंग कोच लगाकर क्लैंप से पटरी को बांध सका। सुबह दस बजे ट्रैक दुरुस्त हो गया। इसके बाद पहली ट्रेन 11 बजे डाउन अजमेर किशनगंज ली गयी।
जाड़े में बढ़ जाती हैं ट्रैक फ्रैक्चर होने की घटनाएं
जाड़े में पटरियां सिकुड़ती हैं, ऐसे में दबाव पड़ने पर ट्रैक फ्रैक्चर होने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। फैजाबाद में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रैक टूटना इसी का परिणाम था। जानकारी होते ही उनका विभाग ट्रैक सही करने में जुट गया था। सुबह 10 बजे के करीब ट्रैक मरम्मत का काम पूरा हो गया और उसके बाद से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है।
-नंदन सिंह, चीफ पीवे, फैजाबाद।
तीन माह में तीन बार टूटा रेलवे ट्रैक
बीते 24 अक्तूबर 2016 से अब तक तीन बार रेल ट्रैक फ्रैक्चर हो चुका है। 24 अक्तूबर की सुबह सिटी रेलवे स्टेशन के पास दबाव में ट्रैक टूटा था। टूटे ट्रैक से डाउन कैफियात सुपरफास्ट एक्सप्रेस गुजरी थी। इसके बाद एक बार फिर 22 नवंबर को सिटी स्टेशन पर रात पौने तीन बजे अप पटना इंदौर ट्रेन गुजरते समय ट्रैक टूट गया।
यह वही ट्रेन थी जो दो दिन पहले पुखरायां में दुर्घटनाग्रस्त हुई थी और कई यात्री हताहत हुए थे। पटना से अप बनकर ट्रेन वापस इंदौर जा रही थी। 2017 में 11 जनवरी की सुबह साबरमती ट्रेन के दबाव में फैजाबाद स्टेशन पर एक नंबर प्लेटफार्म की पटरी टूट गयी।