शासन के निर्देश पर गोरखपुर मंडल के अपर आयुक्त औषधि शिवशरण सिंह की अगुवाई में चार जिलों के ड्रग इंस्पेक्टरों ने छापेमारी की। जिला अस्पताल के सामने छह मेडिकल स्टोरों से 13 दवाओं के नमूने संकलित किए गए। न्यू एसआर फार्मा पर दवाओं का दस्तावेज नहीं मिलने पर आठ प्रकार की दवाओं की बिक्री रोक दी गई है।
यह कार्रवाई शुक्रवार की देर रात तक की गई। रामपुर के ड्रग इंस्पेक्टर अनिरुद्ध कुमार, कन्नौज के अनिल कुमार, अलीगढ़ के जगवीर सिंह, बांदा जिले आशुतोष मिश्र ने शुक्रवार को जिले में पहुंच कर जिला अस्पताल के सामने दवा की दुकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। गैर जिलों के अधिकारी होने की वजह से लोग पहचान भी नहीं पाए।
ड्रग इंस्पेक्टरों ने सिंध मेडिकल स्टोर, एमडी मेडिकल स्टोर, एके मेडिकल स्टोर, न्यू एसआर फार्मा, एमएम फार्मा और श्री मेडिकल स्टोर से दवाओं का नमूना संकलित किया है। इन मेडिकल स्टोरों में सिंध, एके मेडिकल और श्री मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट नही पाए गए।
इस पर मेडिकल स्टोर संचालकों को तब तक के लिए दवाओं की बिक्री रोकने का निर्देश दिया गया है, जब तक फार्मासिस्ट मेडिकल स्टोर पर नहीं आ जाते हैं। इसके अलावा न्यू एसआर फार्मा पर दुकानदार आठ प्रकार की दवाओं का बिल वाउचर नहीं दिखा पाए।
इन दवाओं की बिक्री तब तक रोक दी गई है। जब तक वह बिल लाकर स्थानीय ड्रग इंस्पेक्टर के माध्यम से दवाओं का मिलान नही करा लेते हैं।