अयोध्या। अब सड़क पर लगे बिजली के खंभे की शिफ्टिंग के लिए भी विधानसभा में सवाल उठाने की जरूरत पड़ने लगी है। यह आम लोगों के प्रति विभाग की संवेदनशीलता को लेकर सवाल है। नवसृजित नगर पंचायत सुचित्तागंज (खिरौनी) के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आए बिजली के खंभे की शिफ्टिंग साल भर बाद भी नहीं हो पाई। इसे हटवाने के लिए विधायक को विधानसभा में सवाल उठाना पड़ा।
नगर पंचायत क्षेत्र की मुख्य बाजार सुचित्तागंज की सड़क का चौड़ीकरण विधानसभा चुनाव के पहले हो गया था। पूरे बाजार में लगे खंभे इसके दायरे में आ गए। इससे कई दुर्घटनाएं हुईं लेकिन खंभा शिफ्ट नहीं हो पाया। लोगों ने खंभे पर रेडियम कागज लगाया जिससे लोग दुर्घटना से बच सकें। पॉवर कॉरपोरेशन ने इसके लिए ठेका दिया था लेकिन काम नहीं हुआ।
बाजार के लोगों के मुताबिक अभी सप्ताह भर पहले इसे काटकर हटाने का काम शुरू हुआ। काम तब शुरू हुआ जब शायद विभाग को पता चल गया कि क्षेत्रीय विधायक अमित सिंह चौहान ने विधानसभा मेंं इसको लेकर सवाल उठा दिया। सूचना विभाग के मुताबिक दो मार्च को ऊर्जा मंत्री ने विधायक को दिए जवाब में बिजली के खंभे शिफ्ट किए जाने का कार्य प्रगति पर बताया है।
विधायक ने रौजागांव चीनी मिल अयोध्या मेंं गन्ना किसानों की समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाया। जवाब में गन्ना मंत्री ने उपगन्ना आयुक्त से जांच के बाद समस्याएं निस्तारित किए जाने की रिपोर्ट भेजी है। विधायक ने प्रदेश के बजट को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव भी पेश किया।
विधायक ने विकास के लिए उठाए ये मुद्दे-
-मसौधा-सुचित्तागंज मार्ग का चौड़ीकरण व उच्चीकरण
-सीएचसी बीकापुर व सोहावल में सौ-सौ बेड का अस्पताल
-थरेरू घाट पर घाघरा नदी पर पीपे का पुल
-भरतजी की तपस्थली भरतकुंड पर पर्यटक आवास
-बीकापुर ब्लॉक के तोरोमाफी स्थित सीताकुंड का विकास एवं सौंदर्यीकरण
-सोहावल के सनाहा के पास घाघरा नदी पर ठोकर
-रौनाही थाना क्षेत्र के ड्योढ़ी बाजार में पुलिस चौकी