रामपथ पर लगे प्याऊ से प्यास बुझाते नागरिक।
अयोध्या। शहर में रामपथ से गुजरने वाले नागरिकों को सुविधा के लिए नगर निगम ने मंगलवार को 10 प्याऊ लगवाए हैं। इन स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है। अमर उजाला में इस रूट पर पेयजल संकट की खबर प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर निगम ने यह निर्णय लिया है।
रामपथ के साथ शहर के कई इलाकों में सड़कों का चौड़ीकरण चल रहा है। इस वजह से पुराने हैंडपंप या पानी की टोंटियां अब नहीं रह गई हैं। गर्मी के मौसम में लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्हें भी मजबूरी में महंगा बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता था।इस बारे में अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त विशाल सिंह ने पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
अपर नगर आयुक्त बागीश शुक्ला नेबताया कि रामपथ पर 10 प्याऊ शुरू कराए गए हैं। यह प्याऊ सहादतगंज प्राइमरी स्कूल, कचहरी के पास, नियावां चौराहा, साहबगंज पुलिस चौकी के पास, जलकल के सामने, साकेत डिग्री कॉलेज के पास, टेढ़ी बाजार चौराहा, रामगुलेला मंदिर के पास, हनुमान गढ़ी के पास और साकेत पेट्रोल पंप के पास स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक स्थान पर 10 केन पानी रखवाया गया है।