शनिवार को ठंड व गलन से बचने के लिए अलाव तापते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार की सुबह पछुआ हवा की गति कम तो हुई, लेकिन ठंड और गलन भरी बर्फीली हवा से आम जन बेहाल रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान जरूर प्वाइंट दो बढ़कर 1.7 डिग्री पर पहुंचा, धूप चटख निकली तो भी गलन हर किसी को सताती रही।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर लोग कांपते रहे। रविवार से हवा की गति और सुस्त होने, धूप चटख होने के आसार हैं। ऐसा हुआ तो मौसम में भी सुधार होने की उम्मीदें वैज्ञानिकों को हैं। मौसम विज्ञान विभाग केंद्र कुमारगंज के वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार की सुबह पछुआ की गति थमकर 2.3 किमी. प्रतिघंटा पहुंच गयी और तापमान 1.7 डिग्री हो गया। यह सामान्य से छह डिग्री कम था।
इसकी वजह से गलन भरी हवा हर किसी को परेशान करती रहीं। अधिकतम तापमान भी 0.6 डिग्री कम था और बढ़कर 20 डिग्री पर पहुंच गया था। मौसम वैज्ञानिक का कहना था कि रविवार से हवा की गति कुछ और कम होने से ठंड-गलन से लोगों को राहत मिलने की उम्मीदें है।