अयोध्या। इनायतनगर के हल्ले द्वारिकापुर में हुई प्रधान की हत्या के पांच दिन बाद मिल्कीपुर विधायक गोरखनाथ बाबा व बीकापुर विधायक प्रतिनिधि डॉ. अमित सिंह चौहान गांव पहुंचे।
दोनों नेताओं ने मृतक के घर जाकर शोक जताया। वहीं, इसको लेकर विधायक के साथ आए आरोपी पक्ष के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और विधायक का घेराव कर विरोध जताया।
शुक्रवार शाम मिल्कीपुर विधायक व बीकापुर विधायक प्रतिनिधि अपने समर्थकों के साथ हल्ले द्वारिकापुर गांव पहुंचे। उनके समर्थकों में ज्यादातर आरोपी पक्ष के थे।
दोनों नेताओं ने पहले मृतक प्रधान के घर जाकर शोक जताया, इससे विधायक के कुछ समर्थक नाराज हो गए और गांव से बाहर आने पर दोनों नेताओं को रोक लिया और नारेबाजी करने लगे।
उनका कहना था कि दूसरे पक्ष के छह लोगों के घर जला दिए गए हैं। महिलाएं पलायन कर चुकी हैं, विधायक को उन्हें भी सुरक्षा का भरोसा दिलाना चाहिए था। करीब आधे घंटे तक चले बवाल के बाद पुलिस व विधायक के समझाने पर विधायक के समर्थक नाराज होकर चले गए। विधायक गोरखनाथ बाबा ने बताया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा, जो भी आरोपी है उसे सजा मिलेगी।