अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब साकेत छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर तीन छात्र महाविद्यालय की छत पर चढ़ गए। छात्रों ने एक घंटे के अंदर चुनाव की तिथि घोषित न होने पर छत से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी।
कई घंटे बीतने के बाद भी जब महाविद्यालय प्रशासन ने कोई निर्णय नहीं सुनाया तो एक छात्र ने तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल पर छलांग लगा दी। जिसके बाद छात्रों की जिद के आगे पुलिस व महाविद्यालय प्रशासन को झुकना पड़ा। चुनाव कराने के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति अब 24 को निर्णय देगी।
बताते चलें कि साकेत में छात्रों ने छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से अनिश्चितकालीन धरना किया था। गुरुवार देर रात आरएम व सीओ अयोध्या ने प्राचार्य के साथ वार्ता की जिसके बाद चुनाव के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाई गई। छात्रों को आश्वस्त किया गया कि समिति के अनुशंसा के आधार पर 28 दिसंबर को चुनाव पर निर्णय ले लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया।
इसी बीच प्रशासन ने शुक्रवार सुबह 4 जनवरी तक महाविद्यालय में शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया। छात्रों को यह सूचना मिली तो वह भड़क गए। इसके बाद सुबह करीब 10.30 बजे छात्र अजय मिश्र, रूदप्रताप सिंह व मोहित यादव महाविद्यालय की छत पर चढ़ गए और एक घंटे के भीतर चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग की। छात्रों ने ऐसा न होने पर छत से कूदकर आत्महत्या की धमकी भी दी।
इसके बाद महाविद्यालय में हड़कंप मच गया। छत पर चढ़े छात्रों के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र महाविद्यालय में एकत्र हो गए और महाविद्यालय प्रशासन के विरोध में नारेबाजी शुरू करते हुए महाविद्यालय गेट को बंद कर दिया।
इस बीच एक छात्र रूदप्रताप सिंह ने छलांग भी लगा दी, उसे हल्के चोटें आईं हैं। इसके बाद माहौल और गर्म हो गया। वहीं सूचना पर एडीएम सिटी वैभव शर्मा, एसपी सिटी विजयपाल सिंह, सीओ अयोध्या राजेश राय, आएम अयोध्या सहित कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित छात्रों ने पुलिस को महाविद्यालय में प्रवेश ही नहीं करने दिया जिसके बाद पुलिस व छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी देर बाद पुलिस ने किसी तरह महाविद्यालय का गेट खुलवाया।
चार घंटे की वार्ता के बाद हुआ निर्णय
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों के आक्रोश के चलते महाविद्यालय में करीब सात घंटे तक अराजकता की स्थिति बनी रही। दोपहर दो बजे छात्रनेताओं, महाविद्यालय व पुलिस प्रशासन के बीच शुरू हुई वार्ता का दौर करीब चार घंटे तक चला। एडीएम सिटी, एसपी सिटी व प्राचार्य की मौजूदगी में निर्णय हुआ कि चुनाव के लिए गुरुवार को जो पांच सदस्यीय समिति गठित की गई थी अब वह 28 दिसंबर के बजाय 24 दिसंबर को ही अनुशंसा सुनाएगी। जिसके बाद चुनाव की तिथि घोषित कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद छात्र मान गए। प्राचार्य डॉ.नर्वदेश्वर पांडेय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि चुनाव कराने के लिए गठित समिति के अनुशंसा के आधार पर 24 को चुनाव को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
साकेत में 21 से 24 तक अवकाश निरस्त
वहीं दूसरी तरफ विश्वविद्यालय प्रशासन ने साकेत महाविद्यालय में 21 से 24 तक घोषित अवकाश निरस्त कर दिया है। जबकि विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में 24 से तीन जनवरी व विश्वविद्यालय आवासीय परिसर में 25 से 31 दिसंबर तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया गया है। जबकि एक दिन पूर्व साकेत महाविद्यालय ने 18 से 19 दिसंबर तक गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस व 21 से चार जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया था।