अयोध्या। नगरनिगम की ओर से पॉलिथीन के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान बुधवार को नाका इलाके में व्यापारियों ने जमकर हंगामा मचाया। व्यापारियों ने प्रवर्तन दल पर घर में जबरन घुसने, मारपीट करने व घूस मांगने का आरोप लगाया।
वहीं प्रवर्तन दल के अधिकारियों का कहना है कि एक व्यापारी की दुकान से पॉलिथीन बरामद होने पर उसके खिलाफ कार्रवाई करने पर व्यापारी विरोध करने लगे। वहीं, व्यापारियों ने कोतवाली नगर में पहुंचकर विरोध जताना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी ने आक्रोशित व्यापारियों को समझाकर शांत कराया।
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे नगरनिगम के प्रवर्तन दल में शामिल पूर्व सैनिकों ने नाका इलाके में पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। जांच में राधेश्याम जायसवाल के जनरल स्टोर पर पॉलिथीन मिली। जिस पर कार्रवाई करते हुए उनसे दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। यह देख आसपास के व्यापारी लामबंद होने लगे। देखते ही देखते सैकड़ों व्यापारियों की भीड़ ने प्रवर्तन दल को घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया।
व्यापारियों का आरोप था कि प्रवर्तन दल ने जुर्माना वसूलने के बाद भी एक मेडिकल स्टोर के मालिक सूनो जायसवाल व रोहिताश चंद्र से मारपीट की। वहीं प्रवर्तन दल के कुछ लोग बगल के दुकानदार रामकुमार गुप्ता के घर में जबरन घुस गए, जहां महिलाएं कपड़े बदल रही थीं। रोके जाने पर प्रवर्तन दल के अधिकारी कर्नल सत्येंद्र सिंह ने प्रशासनिक कार्रवाई की धमकी दी।
घटना के बाद सैकड़ों की संख्या में व्यापारी कोतवाली नगर पहुंच गए और यहां भी हंगामा करते हुए प्रवर्तन दल के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट एसपी सिंह व सीओ सिटी अरविंद चौरसिया कोतवाली पहुंचे और आक्रोशित व्यापारियों को समझाया व कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि दुकानदार के पास से करीब 150 ग्राम पॉलिथीन पाई गई थी, इसके लिए उससे दो हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके बाद वहां आसपास के व्यापारी जमा होने लगे, उन्होंने सरकारी कार्रवाई का विरोध शुरू करते हुए अन्य प्लास्टिक उत्पाद जैसे नमकीन, चिप्स, दूध के रैपर उनकी टीम पर फेंकते हुए अभद्रता की और कहा कि पहले इसे बंद कराओ तब कार्रवाई करो।
वहीं सीओ सिटी ने बताया कि आक्रोशित व्यापारियों को समझाकर शांत कर दिया गया है। इसके लिए निगम के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। कोतवाली नगर में रामजी शर्मा, अमित गुप्ता, रामकुमार, अनूप कुमार, शानू पाठक, सुमित माखेजा, संदीप गुप्ता, प्रतीक मौर्य, अतुल साहू, श्याम सोनकर, शंकरलाल, अंकित कौशल, बृजेश तिवारी समेत सैकड़ों की संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।