पटरंगा। तहसील क्षेत्र रुदौली की ग्रामसभा सरैठा में शनिवार को सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीण बिफर पड़े। आक्रोशित ग्रामीणों व भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने ठेकेदार की मनमानी के विरुद्ध नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिवनगर चौराहा से ग्राम पूरे कथिक तक करीब एक वर्ष से सड़क बन रही है। मिट्टी डालकर ऊपर से बड़े रोडे़ डाल दिए गए, राविश का इस्तेमाल नहीं किया गया।
इसे लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की गई थी। तत्कालीन एसडीएम ज्योति सिंह ने मौके की जांच की और ठेकेदार को दोषी पाया। कड़ी फटकार लगाई। तब से इस सड़क की जांच चल रही है लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ।
आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि श्रीराम विवाह कार्यक्रम 29 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। बाबा खाकी दास धाम जो कि अयोध्या निर्वाणी अखाड़ा की गद्दी है, पर लगभग दर्जनों गांवों के श्रद्धालु इसी मार्ग से लेट कर परिक्रमा करते हैं। सड़क खराब होने से उन्हें काफी समस्या का सामना करना पड़ेगा।
इस बाबत रुदौली एसडीएम विपिन कुमार सिंह ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से कह कर मार्ग को दुरुस्त कराया जाएगा। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह, जिला प्रभारी भोला सिंह, तहसील अध्यक्ष आचार्य बृज किशोर मिश्रा, विनोद सिंह, राजू यादव व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।